गंजडुडवारा में गुरुवार देर रात बच्चों की साइकिल आपस में टकराने के बाद विवाद ने तूल पकड़ लिया। दो समुदाय के लोग आमने सामने आ गए। दोनों ओर से मारपीट और पथराव किया गया।
मारपीट और पथराव में छह लोग घायल हो गए। भीड़ ने गोशाला में घुसकर एक कर्मी को मारपीट कर घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया।
पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। वहीं एहतियातन क्षेत्र में पुलिस को तैनात कर दिया गया है।
मोहल्ला इमाम बख्स निवासी राजीव श्रीवास्तव और दिलशाद निवासी मोहल्ला खेरू के बच्चे गुरुवार देर शाम गोशाला के सामने साइकिल चला रहे थे। तभी बच्चों की साइकिल आपस में टकरा गई औश्र दिलशाद के बच्चे को मामूली चोट आ गई।
घटना की जानकारी पर दिलशाद, शमशाद, आमिर राजीव श्रीवास्तव के घर पहुंच गए और दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई।
दिलशाद पक्ष के लोगों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों से राजीव, उसके भाई हृदेश, उसकी मां सोनवती को पीट दिया। इसके बाद राजीव के पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के दिलशाद, आमिर, शमशाद को पीटा।
पुलिस फोर्स तैनात
देखते ही देखते दोनों पक्षों से लोग एकत्रित हो गए और पथराव हो गया। तभी भीड़ निकट स्थित गोशाला में घुस गई। भीड़ ने गोशाला कर्मी राजेंद्र से मारपीट कर दी। घटना की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने लाठियां फटकार कर भीड़ को तितर-बितर कर दिया। सीओ कर्मवीर सिंह भी मौके पर पहुंच गए। दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। क्षेत्र में एहतियातन पुलिस तैनात कर दी गई।
एसपी पीयूष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस ने सक्रियता के साथ मामले में कार्रवाई की। दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया है, लेकिन पुलिस पूरे घटना क्रम को लेकर सतर्क है।