फोटो20मृतक नसरत अली का फाइल फोटो।
सहावर । गंजडुंडवारा- सहावर मार्ग पर शनिवार की सुबह गांव पिथनपुर के पास कार अनियंत्रित होकर एक भट्ठा के पास पलट गई। हादसे में कार सवार युवक की मौत हो गई। परिजन ने बिना पोस्टमार्टम के उसका दाह संस्कार कर दिया।
गंजडुंडवारा के गांव गढ़का निवासी नरसत अली (27) शनिवार की सुबह कार में सवार होकर सहावर आ रहे थे। गांव पिथनपुर के पास उसकी कार सामने से आ रहे वाहन से बचने के प्रयास में अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पड़े ईंटों के ढेर पर चढ़कर पलट गई। कार पलट जाने से युवक गंभीर घायल हो गया। हादसे के बाद राहगीर व काफी संख्या लोग मौके पर एकत्रित हो गए। एंबुलेंस की मदद से घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना किसी ने फोन कर पुलिस को दी।सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। परिजन ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराने मना कर दिया। बिना पोस्टमार्टम के उन्होंने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। सहावर कोतवाली प्रभारी चमन गोस्वामी ने बताया कि सड़क हादसे में युवक की मौत हुई है। मृतक के परिजन ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया है।