सिढ़पुरा(कासगंज)। कस्बे में दुर्गा मंदिर के समीप गैस रिफलिंग के दौरान ईको कार में अचनाक आग लग गई। देखते ही देखते कार धूं-धूं कर जल उठी। जिससे क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई। लोगों ने आग पर काबू पाया। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। हालांकि आग लगने के काफी देर बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची। पुलिस के मुताबिक अभी किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है।
घटना शुक्रवार सुबह लगभग 11 बजे की है। कस्बे से थोड़ी ही दूरी पर दुर्गा मंदिर है। यहां सुबह लोगों ने देखा कि एक दुकान के समीप खड़ी एक ईको कार में धुएं के साथ लपटें उठ रहीं थीं। देखते ही देखते धुएं का गुबार उठा और लपटें काफी तेज हो गईं। आस-पास के लोग घबरा गए और आग पर काबू पाने लगे। अफरा-तफरी के माहौल के बीच लोगों ने निजी स्रोतों से आग पर काबू पाया।
इधर सूचना पर थाना प्रभारी प्रेमपाल सिंह पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंच गए। जब तक दमकल वाहन पहुंचता तब तक आग पर काबू पाया जा चुका था। आस-पास के लोगों ने बताया कि जिस जगह यह घटना हुई है वहां समीप में ही एक दुकान है वहां गैस रिफलिंग का काम होता है और रिफलिंग के दौरान ही यह हादसा हुआ। इधर दुकानस्वामी और कार स्वामी मौके से भाग गए। किसी ने पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है।
दुर्गा मंदिर के समीप ईको कार धूं-धूं कर पूरी तरह जल गई है। घटना का कारण गैस रिफलिंग माना जा रहा है। कोई तहरीर नहीं मिली है। मामले की पड़ताल चल रही है। - प्रेमपाल सिंह, थानाध्यक्ष