कासगंज जिले में स्वाइन फ्लू के खतरे के बाद भी स्वास्थ्यकर्मी टीकाकरण से दूरी बनाए हुए हैं। अभी तक मात्र 96 स्वास्थ्यकर्मियों का ही टीकाकरण हुआ है, जबकि जिले में 170 कर्मचारियों को टीकाकरण के लिए चिह्नित किया गया है।
प्रदेश में स्वाइन फ्लू के खतरे को देखते हुए शासन से मरीजों के सीधे संपर्क में आने वाले फ्रंटलाइन वर्कस को स्वाइन फ्लू की वैक्सीन लगाकर प्रतिरक्षित करने की योजना बनाई गई। इसके लिए जिले को 200 वैक्सीन उपलब्ध कराई गई। जिला अस्पताल एवं सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर तैनात चिकित्सक, पैरा मेडिकल स्टाफ, लैब टेक्नीशियन आदि को वैक्सीनेशन के लिए चिह्नित किया गया। ताकि ये स्वाइनफ्लू की चपेट में आने से बच सकें और स्वास्थ्य सेवाएं बिना किसी बाधा के संचालित होती रहें।
19 अक्तूबर से शुरू हुआ था टीकाकरण
19 अक्तूबर से टीकाकरण शुरू हुआ। वैक्सीनेशन को शुरू हुए 13 दिन का समय बीत जाने के बाद भी सभी कर्मचारियों ने वैक्सीन नहीं लगवाई है। प्रदेश में इस समय जिस तेजी से स्वाइनफ्लू फैल रहा है। 44 जनपदों में इस बीमारी के मरीज सामने आ चुके हैं।