ग्रामीण क्षेत्रों में आबकारी टीम द्वारा नष्ट कराया लहन व अवैध शराब
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। आबकारी विभाग द्वारा चलाए जा रहे अभियान में कच्ची शराब के जखीरे गांव-गांव मिल रहे हैं। पुलिस निरंतर कार्रवाई कर रही है। पिछले सात दिनों में एक हजार किलोग्राम लहन और लगभग 700 लीटर शराब कासगंज क्षेत्र में नष्ट कराई जा चुकी है।
आबकारी आयुक्त और डीएम, एसपी के निर्देशन में निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। पिछले एक सप्ताह से आबकारी निरीक्षक प्रथम तुषार गौरव और द्वितीय परमहंस कुमार की टीमें निरंतर अभियान चला रहीं हैं। बीते दिनों कासगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला सिताबी में पुलिस ने दबिश दी। यहां से गड्ढों में जमा प्लास्टिक के डब्बों में जमा 450 किलोग्राम लहन बरामद हुई और 50 लीटर कच्ची शराब पुलिस ने बरामद की। पुलिस ने लहन और शराब को मौके से नष्ट करा दिया। वहीं अमांपुर क्षेत्र के गांव सिजरई में मिली सूचना पर पुलिस ने दबिश दी और पचास लीटर कच्ची शराब बरामद की।
गांव नगला सूखा और नगला दौली से सौ लीटर शराब और 360 किलोग्राम लहन गड्ढों में दबे डिब्बों में बंद मिले। इसे पुलिस ने नष्ट करा दिया। गांव इसेपुर से पुलिस टीमों ने 36 लीटर कच्ची शराब और सौ किलोग्राम लहन बरामद कर नष्ट कराई है। गांव भोजपुर से तीस किलोग्राम लहन और 20 लीटर कच्ची शराब नष्ट कराई है। जिला आबकारी अधिकारी रामकमल सिंह ने बताया कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। कच्ची शराब के खिलाफ टीमें अभियान चलाती रहेंगी।