करवाचौथ के लिए तैयारियों में जुटीं महिलाएं
- फोटो : अमर उजाला
करवाचौथ को लेकर महिलाएं उत्साहित हैं। वहीं बाजार भी सजकर तैयार हो चुके हैं। रविवार को दिनभर बाजारों में महिलाओं की भीड़ रही। बाजार में इस बार सिल्क और कैटवॉक साड़ी की धूम है। साथ ही गाउन और क्रॉप टॉप को भी खूब पसंद किया जा रहा है। दुल्हन वाली साड़ी का चलन पहले के मुताबिक कम हो गया है।
करवाचौथ 17 अगस्त को मनाया जाएगा। महिलाएं करवाचौथ की तैयारियों में जुट गई हैं। संजने-संवरने के सामान के अलावा कपड़ों की जमकर खरीदारी की रही है। बाजार में साड़ियों की कई तरह की वैरायटी मौजूद हैं, लेकिन इनमें सबसे ज्यादा मांग सिल्क और कैटवॉक साड़ी की है।
इनके अलावा गाउन और क्रॉप टॉप की बिक्री पिछले वर्ष की अपेक्षा बढ़ी है। लहंगा, कुुर्ती और प्लाजो को भी पसंद किया जा रहा है। व्यापारी रामू बताते हैं कि पहले करवाचौथ पर दुल्हन वाली लाल साड़ी की बिक्री अधिक होती थी, लेकिन इस बार दुल्हन वाली साड़ी की मांग न के बराबर है।