Karhal Election Result: करहल विधानसभा सीट पर हुए उप चुनाव में सपा की बादशाहत कायम रही है। विरासत बचाने की जंग में सपा जहां कामयाब रही तो वहीं भाजपा को एक बार यहां हार से ही संतोष करना पड़ा। सपा प्रत्याशी तेजप्रताप यादव ने भाजपा प्रत्याशी अनुजेश सिंह को 14725 वोटों से पराजित कर जीत अपने नाम कर ली। भाजपा भले ही जीत हासिल नहीं कर पाई, लेकिन की सपा की जीत का आंकड़ा नीचे लाने में कामयाब रही।
Karhal assembly bypoll result: करहल विधानसभा सीट पर सपा प्रत्याशी तेजप्रताप यादव ने जीत दर्ज की। तेजप्रताप यादव को कुल 104304 वोट मिले। वहीं उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा प्रत्याशी अनुजेश सिंह को 89579 वोट मिले। सपा ने 14725 वोटों से जीत दर्ज की। भले ही भाजपा यहां हार गई, लेकिन इस बार उनकी रणनीति यहां काम आई। भाजपा का वोट प्रतिशत बढ़ा और जीत का अंतर घटकर बहुत नीचे आ गया। 2022 में अखिलेश यादव 67 हजार के बड़े अंतर से जीते थे। उन्होंने भाजपा से चुनाव लड़ रहे केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल को पराजित किया था। तब सपा के खाते में 60.12 प्रतिशत वोट गया था, वहीं भाजपा को 32.74 प्रतिशत वोट ही मिला था।
विज्ञापन
उत्तर प्रदेश की 9 विधानसभा सीटों पर हुए उप चुनाव में करहल सीट सबसे अहम थी। अहम इसलिए क्योंकि ये न केवल सपा का गढ़ रही बल्कि यहां से सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव विधायक थे। उनके इस्तीफे के बाद ही उप चुनाव हुआ। सपा ने मुलायम सिंह यादव के पौत्र तेजप्रताप यादव को प्रत्याशी बनाया था तो वहीं भाजपा ने मुलायम के दामाद अनुजेश सिंह को मैदान में उतारा था। बसपा से अवनीश कुमार शाक्य ताल ठोंक रहे थे।
20 नवंबर को हुए मतदान के बाद ही ये साफ हो गया था कि भाजपा प्रत्याशी अनुजेश सिंह यादव वोट में सेंध लगाने में कामयाब रहे। 23 नवंबर को जब परिणाम आए तो सपा ने जीत दर्ज की। तेजप्रताप यादव को 104304 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी अनुजेश सिंह को 89579 वोट मिले। ऐसे में सपा ने करहल की सीट 14725 वोटों से जीत ली। वहीं बसपा प्रत्याशी अवनीश कुमार शाक्य अपनी जमानत भी नहीं बचा पाए। उन्हें महज 8409 वोट ही मिल सके।
2022 में 67504 वोट से जीते थे अखिलेश यादव
करहल विधानसभा सीट से 2022 में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने खुद विधानसभा चुनाव लड़ा था। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल को हराया था। अखिलेश यादव ने 148196 वोट हासिल कर 67504 वोटों की बड़ी जीत हासिल की थी। वहीं भाजपा को 80692 वोट मिले थे। कुल पड़े वोट में सपा को मिले वोट का प्रतिशत 60.12 प्रतिशत था, जो इस बार गिरकर 50.45 प्रतिशत पर आ गया। वहीं भाजपा को 2022 के चुनाव में 32.74 प्रतिशत वोट मिले थे जो इस बार बढ़कर 43.33 प्रतिशत रहा।
किसे कितने वोट मिले
- तेजप्रताप यादव, सपा-104304
-अनुजेश सिंह, भाजपा-89579
-अवनीश कुमार शाक्य, बसपा-8409
-प्रदीप, आजाद समाज पार्टी-2499
-विवेक यादव, सर्वजन सुखाय पार्टी-594
-सुनील मिश्रा, सर्व समाज जनता पार्टी-285
-सचिन कुमार, निर्दलीय-273
-नोटा-791
कुल मतदाता-382378
कुल पड़े वोट-20673
ईवीएम से पड़े वोट-206545
पोस्टल बैलेट से पड़े वोट-189
मतदान प्रतिशत-54.10 प्रतिशत
राजनीतिक दलों को मिले वोट का प्रतिशत
सपा-50.45 प्रतिशत
भाजपा-43.33 प्रतिशत
बसपा-4.07 प्रतिशत