सीआईएससीई रीजनल बास्केटबॉल प्रतियोगिता
आगरा। सेंट कॉनरेड्स इंटर कॉलेज में आयोजित सीआईएससीई रीजनल बास्केटबॉल प्रतियोगिता का शुक्रवार को समापन हो गया। तीन दिनों तक चली प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जनपदों की 35 टीमों ने प्रतिभाग किया। कुल 57 मुकाबले कराए गए, जिसमें कानपुर और मेरठ चैंपियन बने।
मुख्य अतिथि पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं लक्ष्मण पुरस्कार से सम्मानित अभिनव सिंह पुंडीर ने कहा कि खेल अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना विकसित करने का सशक्त मंच हैं। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान किए।
प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों में अंडर-19 बालक वर्ग में कानपुर ने गाज़ियाबाद को 50-48 से हराकर खिताब जीता। बालिका वर्ग में मेरठ विजेता और गोरखपुर उपविजेता रहा। अंडर-17 बालक वर्ग में गाजियाबाद 60-55 से जीत दर्ज कर चैंपियन बना। मेरठ ने भी एकतरफा प्रदर्शन करते हुए 32 अंकों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की।
मेजबान आगरा की टीमों में अंडर-17 वर्ग की टीम ने सेमीफाइनल तक का सफर तय किया। अंडर-19 टीम क्वार्टर फाइनल तक ही पहुंच सकी। इस अवसर पर आगरा बास्केटबॉल संघ के सचिव डॉ. हरि सिंह, प्रधानाचार्य फादर विपिन, प्रबंधक फादर ग्रेसियन, उप प्रधानाचार्य फादर मार्शल, हैप्पी शर्मा, यमन दियालानी आदि मौजूद रहे।