किरावली। पुरामना स्थित श्रीमती शांति देवी कॉलेज में शनिवार को भव्य ‘होली मिलन समारोह एवं कवि सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। इसमें देश के विभिन्न कोनों से आए कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को कभी राष्ट्रभक्ति के जोश से भर दिया, तो कभी ठहाकों से सराबोर कर दिया।
कवि सम्मेलन का मुख्य आकर्षण हाथरस से आए ओज के कवि दीपक दिव्यांशू रहे। उन्होंने अपनी ओजस्वी वाणी में पढ़ा-हथेली पर वतन के वास्ते हम जान रखते हैं, हृदय को चीर कर देखो तो हिन्दुस्तान रखते हैं। हाथरस के हास्य कवि पदम अलबेला ने जीवन के दर्शन को हास्य में पिरोते हुए कहा, मेरी ज़िन्दगी की ट्रेन अभी आउटर पर खड़ी है। कटनी (मध्य प्रदेश) से आईं कवयित्री प्रियंका मिश्रा ने श्रृंगार और समकालीन परिवेश पर अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं। कवि हरीश अग्रवाल ''''''''ढपोल शंख'''''''' ने वर्तमान विसंगतियों पर प्रहार करते हुए द्रौपदी के चीरहरण और आधुनिक दुशासनों पर तीखा कटाक्ष किया। कार्यक्रम के अंत में आयोजक भूपसिंह इंदौलिया ने उपस्थित बुजुर्गों और अतिथियों का साफा बांधकर स्वागत किया। इसके बाद सभी ने एक-दूसरे पर पुष्प वर्षा कर फूलों की होली खेली। समारोह के दौरान समाजसेवी भूपसिंह इंदौलिया ने उपस्थित जनसमूह और बुजुर्गों का आशीर्वाद लेते हुए आगामी फतेहपुर सीकरी विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा की। कार्यक्रम में सांसद राजकुमार चाहर, पूर्व विधायक चौधरी उम्मेद सिंह, पूर्व चेयरमैन जगदीश सिंह, चौधरी फौरन सिंह इंदौलिया, आदित्य इंदौलिया, शिवा इंदौलिया, हरी कांत शर्मा, पिंकी सरपंच, मोहनसिंह चाहर, हरिसिंह सूबेदार और जितेन्द्र वर्मा मौजूद रहे।