जयमाला के समय चोरी हो गया दुल्हन की मां का बैग
फतेहाबाद मार्ग स्थित एसएनजे गोल्ड मैरिज होम में दवा कारोबारी की बेटी की शादी के दौरान बैग चोरी कर लिया गया। बैग कारोबारी की पत्नी के पास था। वह पास में बैग रखने के बाद जयमाला देख रही थीं।
अशोक अग्रवाल जीवनी मंडी स्थित कृष्णा कॉलोनी के रहने वाले हैं। अशोक खंदौली वाले के नाम से उनकी फव्वारा बाजार में दवा की दुकान है। 21 अप्रैल को उनकी बेटी की शादी थी। बरात मंगलम एस्टेट से आई थी। एसएनजे गोल्ड मैरिज होम में जयमाला के समय अशोक की पत्नी सीमा रानी का बैग चोरी हो गया।
आरोप है कि होटल प्रबंधन से सीसीटीवी फुटेज दिखाने के लिए कहा, लेकिन कैमरे बंद थे। वहीं पिछला दरवाजा भी खुला हुआ था। पुलिस भी पूछताछ के बाद चली गई। इसके बाद कुछ नहीं किया। तहरीर देने पर भी मुकदमा दर्ज नहीं हुआ।
अशोक अग्रवाल का कहना है कि बैग में दस लाख रुपये के जेवरात और शगुन के लिफाफे रखे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के दौरान कुछ देर के लिए बिजली भी गुल हुई थी। जेनरेटर भी बंद हो गया था। थाना ताजगंज के प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र बालियान का कहना है कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। मामले में जांच की जा रही है।