कासगंज कलक्ट्रेट में जिला योजना की बैठक में मौजूद प्रभारी मंत्री, सांसद, जिलाधिकारी, एसपी
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। कलक्ट्रेट में बृहस्पतिवार को आयोजित जिला योजना की बैठक में विकास से जुड़े कार्यों पर मंथन किया गया। वित्तीय वर्ष 2020-21 के लिए संभावित 2 अरब 9 करोड़ 51 लाख रुपये के परिव्यय प्रस्तावों को प्रस्तुत किया गया। जनप्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से प्रस्तावों को अनुमोदित किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिले के प्रभारी मंत्री अनिल शर्मा ने बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में सांसद राजवीर सिंह, सदर विधायक देवेंद्र राजपूत, पटियाली विधायक ममतेश शाक्य, अमांपुर विधायक देवेंद्र प्रताप सिंह ने विचार व्यक्त किए।
प्रभारी मंत्री अनिल शर्मा ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा जनप्रतिनिधियों के समन्वय से जो जिला योजना के परिव्यय प्रस्ताव प्रस्तुत किए हैं वे सराहनीय हैं। हमें विकास से जुड़े कार्यों को शासन के माध्यम से जमीन पर उतारना होगा। विकास प्रस्तावों के लिए समय से धन मिले और उसका कार्य भी समय से पूरा हो। निराश्रित गोवंश को गोशाला में पहुंचवाने के प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए। सांसद राजवीर सिंह ने कहा कि विकास कार्य रुकने नहीं चाहिए। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने जिला योजना की संरचना पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि कृषि, गन्ना विकास, लघु सीमांत कृषकों की सहायता, पशुपालन एवं दुग्ध विकास, सिंचाई, जल संसाधन सहकारिता, ग्राम विकास, ग्रामीण रोजगार कार्यक्रमों, सड़क, पुल, शिक्षा, चिकित्सा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न मदों के लिए जिला योजना में परिव्यय प्रस्तावित किए गए हैं। मुख्य विकास अधिकारी तेज प्रताप मिश्र ने परिव्यय के संबंध में जानकारी दी। बैठक में पुलिस अधीक्षक सुशील घुले, जिला विकास अधिकारी एसएन श्रीवास्तव, पीडीडीआरडीए रामायण सिंह यादव, डीपीआरओ शाहनाज अंसारी आदि मौजूद रहे।