मैनपुरी। शहर में दो घरों के ताले तोड़ कर चोरों ने करीब छह लाख रुपये के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। रविवार की सुबह पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
सदर कोतवाली क्षेत्र की गीतापुरम कालोनी और आवास विकास कालोनी स्थित दो घरों को निशाना बनाया गया। आवास विकास निवासी नीलेश कुमार पत्नी व बच्चों के साथ आगरा गए थे। शनिवार की रात चोरों ने मकान के ताले तोड़ कर घर में प्रवेश किया। कमरे में रखी अलमारी व बक्सों के ताले तोड़ कर करीब तीन लाख रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। रविवार की सुबह नीलेश घर लौटे तो चोरी की जानकारी हुई। गृहस्वामी ने बताया कि चोर दो सोने की चेन, सोने की दो अंगूठी करीब डेढ़ तोला, पायल, मोबाइल, 35 हजार रुपये व अन्य सामान चोरी गया है।
दूसरी वारदात आगरा रोड स्थित गीतापुरम कालोनी निवासी सीमा सिंह के घर में हुई। सीमा ने बताया की उनके पति हाकिम एक मामले में फर्रुखाबाद जेल में हैं। शनिवार की रात तबियत खराब होने पर वह राधारमन रोड पर रहने वाली ननद के यहां गईं थीं। रात में चोरों ने मकान के ताले तोड़ कर करीब तीन लाख रुपये के जेवर और नकदी चोरी कर लिए। रविवार की सुबह आकर देखा तो अलमारी व बक्से में रखीं दो तोला की सोने की चेन, सोने की चूड़ी, पायल, 45 हजार रुपये की नकदी व अन्य सामान चोरी कर लिया गया था। पीड़ितों की ओर से सदर कोतवाली में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज किए जाने की मांग की गई है।
तहरीर के आधार पर पुलिस जांच कर रही है। मुकदमा दर्ज कर चोरों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।
विजयपाल सिंह, सीओ सिटी।