बेवर। चोरों ने एक मकान के ताले तोड़ दिए। करीब चार लाख रुपये के जेवर और नकदी चोरी कर ले गए। रविवार की सुबह चोरी की जानकारी होने के बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने एक संदिग्ध को लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के मोहल्ला कुचलिया निवासी राजीव मिश्रा उर्फ रीनू शनिवार की रात परिवार सहित छत पर सो रहे थे। रात में किसी समय चोर घर में दाखिल हो गए। चोरों ने कमरों के ताले तोड़ने के बाद अलमारी व बक्सों में रखी नकदी और जेवर पर हाथ साफ कर दिया। रविवार की सुबह राजीव को घर में हुई चोरी की जानकारी हो सकी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। राजीव ने बताया कि चोर सोने की छह अंगूठी, एक हार, एक ब्रजवाला, दो जोड़ी टॉप्स, झुमकी, तीन जोड़ी पायल, 35 हजार की नकदी सहित करीब चार लाख के जेवर नकदी चुरा ले गए।