फतेहाबाद। डौकी थाना क्षेत्र के गांव एत्मादपुर मदरा में बुधवार रात किसान के घर से नकदी और जेवर चोरी हो गए। घटना की जानकारी परिजनों को सुबह जागने पर हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच की।
गांव एत्मादपुर मदरा निवासी सुजान सिंह ने पुलिस को बताया कि रात के समय छत फांदकर चोर घर में घुस आए। परिवार के सभी सभी लोग अपने-अपने कमरे में सो रहे थे। चोरों ने एक कमरे में जहां जेवर और प्लॉट की रजिस्ट्री कराने के लिए नकदी रखी थी। उसमें पहुंचकर जेवर और नकदी चोरी कर ली। बृहस्पतिवार को सुबह जागने पर घर का मेन गेट बाहर से बंद था। शोर मचाने पर पड़ोसी ने आकर गेट खोला।
वहीं एक कमरे में सारा सामान बिखरा पड़ा था और नकदी और जेवर गायब थे। पीड़ित के मुताबिक तीन लाख रुपये और जेवर चोरी हुए हैं। डौकी के थानाध्यक्ष बहादुर सिंह ने बताया कि घर में चोरी होने की तहरीर मिली है। घटना की जांच की जा रही है।