कोरोना वायरस से बचाव के लिए रविवार को जनता कर्फ्यू था। इस सतर्कता के बीच मुंबई से चलने वाली बांद्रा सुपरफास्ट ट्रेन रविवार को कासगंज स्टेशन पर पहुंची। स्वास्थ्य विभाग और रेलवे की संयुक्त टीमें स्टेशन पर उतरे यात्रियों की स्क्रीनिंग के लिए तैनात हो गईं। सभी यात्रियों की स्क्रीनिंग कराकर उनका ब्योरा रजिस्टर में दर्ज किया गया।
वैसे तो रेलवे ने ट्रेनें शनिवार रात से रद्द कर दी थीं, लेकिन जो ट्रेनें रास्ते में दौड़ रहीं थीं उन्हें सफर पूरा करने की छूट है। इन ट्रेनों में मुंबई के बांद्रा से चलकर लखनऊ जाने वाली ट्रेन संख्या 19021 शामिल थी। जो मुंबई से चलकर वाया कासगंज लखनऊ जा रही थी।
जिलाधिकारी सीपी सिंह और रेलवे के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से योजना बनाई कि इस सुपरफास्ट ट्रेन से कासगंज उतरने वाले यात्रियों की स्क्रीनिंग कराई जाएगी। यहां रेलवे और स्वास्थ्य विभाग की टीमों के अलावा पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी तैनात कर दिए गए।
रविवार दोपहर 12:20 बजे ट्रेन कासगंज जंक्शन स्टेशन पर पहुंची। स्टेशन पर उतरने वाले सभी यात्रियों को कतार में खड़ा कर स्क्रीनिंग कराई गई। जिसके बाद सभी यात्रियों के नाम-पते सहित उनका ब्योरा रजिस्टर में दर्ज किया गया।