रविवार शाम को मथुरा में दो दिवसीय दौरे पर आए सीएम योगी ने श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर सोमवार सुबह 10 बजे पहुंचकर सबसे पहले गर्भगृह में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने राधा-कृष्ण युगल सरकार की आरती उतारी। पंचाभिषेक किया।
सीएम योगी ने कहा कि कामना है कि प्रभु की कृपा से देश व प्रदेश पर सुख, समृद्धि बरसे। पांच हजार वर्ष पूर्व उन्होंने धर्म के पथ का अनुसरण करने, सत्य व न्याय की संदेश दिया था। उस मार्ग का अनुसरण देशवासियों को करना चाहिए। तभी विकसित भारत की परिकल्पना को साकार किया जा सकता है।
सीएम के संबोधन के समय हजारों की संख्या में भक्त जन्मस्थान में मौजूद रहे। पूरा परिसर श्री कृष्ण कन्हैया लाल की जय, वृंदावन बिहारी लाल की जय, राधे रानी की जय जयकार से गुंजायमान हो गया।
गर्भगृह को देख सीएम हुए निहाल
श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर सीएम ने गर्भगृह में भी दर्शन किया। गर्भगृह को कारागार के रूप में सजाया या। सीएम इस दृश्य को पूरे समय अपलक निहारते रहे। सीएम ने यहां देशभर से आए श्रद्धालुओं का प्रदेश सरकार की ओर से स्वागत किया। सभी को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की बधाई दी।
इस दौरान उनके साथ कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, जिले के प्रभारी मंत्री संदीप सिंह, राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, विधायक श्रीकांत शर्मा, राजेश चौधरी, डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह, एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।