गर्मी में बच्चों के स्कूलों की छुट्टियां मजेदार बनाने के लिए लोग परिवार के साथ शिमला, मनाली, जम्मू-कश्मीर, गोवा, केरल और अन्य पर्यटन स्थलों पर जाने का प्लान बना रहे हैं। मगर, इन सभी रूट की अधिकतर ट्रेनों में सीटें फुल हो चुकी हैं। लंबी वेटिंग से लोग ट्रेनों से जाने का प्लान बदल रहे हैं। मगर, ट्रैवल एजेंसी के अधिक किराये से बजट भी बिटाड़ रहा है।
दयालबाग निवासी विकास कुमार परिवार मई में जम्मू जाना चाहता है। मगर, जम्मूतवी एक्सप्रेस ट्रेन में 50 से अधिक की वेटिंग है। इस पर टूर ऑपरेटर से बात की है। मगर, वह भी किराया अधिक बता रहे हैं। वहीं राजपुर चुंगी निवासी सुगंध झा का कहना है कि परिवार के साथ मनाली जाना था। ट्रेन के बारे में पता किया तो चंडीगढ़ जाने वाली ट्रेनों में जगह नहीं मिल रही है। पूरे परिवार के लिए टूर ऑपरेटर से बात कर एक ट्रेवलर बुक की है। 40 हजार से ज्यादा का पैकेज बना है। इतने बजट में तो और कई जगह जा सकते थे। लेकिन अब सिर्फ मनाली होकर आएंगे।
ये भी पढ़ें - UP Weather: सूबे में दूसरा सबसे गर्म शहर रहा आगरा, पारा पहुंचा @42.1 डिग्री...झांसी में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी
ट्रांस यमुना की रहने वाली सुनयना जैन ने बताया कि बच्चों ने वैष्णो देवी जाने का मन बनाया है। जम्मू जाने वाली ट्रेन में जगह नहीं है। चार लोग के परिवार के लिये पांच सीटर कार किराए पर की है। 10 रुपये प्रति किलो मीटर भाड़ा ले रहा है। किराया, टोल और नाइट मिलाकर करीब 25 हजार रुपये का पैकेज बना है। खर्चा कम होता तो यात्रा का मजा दुगना हो जाता।
ये भी पढ़ें - UP: बेजुबानों पर जरा भी रहम नहीं आया...कुत्ते के साथ खेला ऐसा खूनी खेल, कांप जाएगी रूह
ट्रेवल एजेंसी संचालक संदीप सैनी का कहना है कि गर्मी के सीजन में लोग पहाड़ी इलाकों में जाना पसंद करते हैं। इनमें मनाली और जम्मू पहले नंबर पर रहते हैं। मनाली के लिए टेंपो ट्रेवलर का करीब 50 हजार रुपये का पैकेज बनता है। वहीं अगर, पांच सीट वाली कार हैं तो 10 रुपये प्रति किलोमीटर, टोल टैक्स और नाइट स्टे मिलाकर करीब 18 से 20 हजार रुपये का खर्चा होगा। बस सेवा में प्रति व्यक्ति 8 हजार रुपये देने पड़ेंगे।