आसमान में छाए काले बादल और पीछे दमकता ताजमहल... मंगलवार सुबह जब बॉलीवुड फिल्म तू मेरी, मैं तेरा की शूटिंग शुरू हुई तो नजारा बेहद आकर्षक दिखाई दिया। अभिनेता कार्तिक आर्यन के साथ जैकी श्रॉफ और अभिनेत्री अनन्या पांडे पर फिल्म के कई दृश्य शूट किए गए। ताज के फोरकोर्ट और रॉयल गेट पर तीनों कलाकारों की झलक पाने के लिए पर्यटकों की भीड़ लग गई। अभिनेता कार्तिक आर्यन ने पर्यटकों के साथ सेल्फी खिंचवाई और ऑटोग्राफ दिए। ताज में कार्तिक आर्यन ने अनन्या पांडे से शूटिंग के दौरान कहा- तू मेरी, मैं तेरा।
मंगलवार की सुबह सात बजे पर्यटक ताजमहल का दीदार करने पहुंचे लेकिन उन्हें रॉयल गेट पर प्रवेश करते ही अभिनेता जैकी श्रॉफ और कार्तिक आर्यन नजर आ गए। दोनों को देखते ही पर्यटक उनके पास जा पहुंचे, जहां बाउंसरों ने उन्हें घेर रखा था। शूटिंग रुकने के बाद पर्यटकों ने उनके साथ फोटो खिंचवाए। इस बीच बारिश शुरू हो गई तो रॉयल गेट पर ही अभिनेत्री अनन्या पांडे के साथ जैकी श्रॉफ और कार्तिक आर्यन रुक गए। दोपहर में गर्मी और उमस के कारण कार्तिक आर्यन परेशान नजर आए लेकिन फैंस उन्हें घेरे रहे।
इंस्टाग्राम पर अनन्या ने लिखा, वाह ताज
अभिनेत्री अनन्या पांडे ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर ताजमहल के रॉयल गेट पर खींचे गए फोटो पोस्ट करते हुए लिखा, वाह ताज। उन्होंने सात फोटो पोस्ट किए, जिनमें वह अलग-अलग अंदाज में नजर आईं। अभिनेता जैकी श्रॉफ अपने ही अंदाज में लोगों से मिले। उन्होंने फैंस का हाथ हिलाकर और बार-बार नमस्ते कर अभिवादन किया। यह फिल्म अगले साल वेलेंटाइन डे से एक दिन पहले यानी 13 फरवरी 2026 को रिलीज होगी। कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे पहले भी फिल्मों में एक साथ नजर आ चुके हैं।
फोटो करा दिए डिलीट, रोक दिया रास्ता
ताजमहल पर शूटिंग के दौरान पर्यटकों ने मोबाइल से वीडियो और फोटो खींचे तो शूटिंग में लगे बाउंसरों ने लोगों से फोटो डिलीट करा दिया। कई पर्यटकों के साथ बाउंसरों की झड़प हो गई। इस बीच रॉयल गेट से शूटिंग यूनिट के बाउंसरों ने पर्यटकों का प्रवेश रोक दिया, जिस पर निकास द्वार से ही पर्यटक प्रवेश करने लगे। इससे जाम लग गया। पर्यटकों की भीड़ छोटे गेट पर लग गई। इस पर वरिष्ठ संरक्षण सहायक प्रिंस वाजपेयी ने शूटिंग यूनिट से आपत्ति जताते हुए उन्हें रॉयल गेट से प्रवेश जारी रखने के निर्देश दिए।