सड़क पर मारपीट कर रहे नशेबाज को पुलिस पकड़कर कोतवाली तो ले आई, लेकिन यहां उसने इस कदर ड्रामा किया कि पुलिसकर्मियों के पसीने छूट गए। नशेबाज की हरकत का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
एटा शहर में शिकोहाबाद रोड तिराहे पर सोमवार रात एक युवक ने शराब के नशे में जमकर उत्पात मचाया। कोतवाली नगर पुलिस पकड़ लाई, तब भी शांत नहीं हुआ। कोतवाली में भी जमकर ड्रामा किया। पुलिस कर्मियों पर रुपये ऐंठने का आरोप लगाए और कपड़े उतार डाले। उसकी हरकतें देख पुलिस के पसीने छूट गए और बिना कार्रवाई उसे छोड़ दिया। युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
विज्ञापन
सोमवार रात नशे में धुत सुनील निवासी शिकोहाबाद रोड ठेल पर उपद्रव करते हुए ठेल वाले से मारपीट करने लगा। सूचना पर पुलिस कर्मी उसे पकड़कर कोतवाली ले आए। लेकिन युवक ने वहां भी हंगामा करना जारी रखा। पकड़ कर लाए पुलिसकर्मी पर ही आरोप लगा डाले। कहा कि उससे 50 हजार रुपये लिए हैं। युवक ने काफी हंगामा करते हुए अपने कपड़े उतार डाले। उसकी हरकतें और हालत देख पुलिस कर्मियों की हिम्मत नहीं पड़ी कि उसे हवालात के अंदर पहुंचाएं।
यहां तक कि उस पर कोई कार्रवाई भी नहीं की। उसे जल्द से जल्द कोतवाली से निकालना ही उचित समझा। कोतवाली नगर प्रभारी निर्दोष सिंह सेंगर ने बताया कि शराब के नशे में एक युवक सड़क पर हंगामा और मारपीट कर रहा था। उसे पकड़कर लाया गया था। बाद में उसका पिता पहुंचा। हिदायत देकर उनके सुपुर्द कर दिया। जिस व्यक्ति से उसने मारपीट की, उसकी तहरीर मिल गई है। कार्रवाई की जाएगी।