दिल्ली की युवती ने इंस्टाग्राम पर न्यू आगरा के कारोबारी परिवार के युवक से दोस्ती की। युवती ने उसे अपने घर बुलाकर परिजन से मिलवाया। इसके बाद वह रुपये उधार लेने लगी। कई बार गहने भी लिए। उसके साथ रिश्ते की बात चलने लगी। इसी बीच युवक को युवती की हकीकत पता चली। फर्जी नाम से उसने कई आईडी बनाई थीं। अपने जेवर और रुपये मांगे तो लड़की के परिजन धमकी देने लगे। घर जाकर मारपीट भी कर दी। मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
दयालबाग, न्यू आगरा निवासी नकुल गुप्ता ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2024 में उसकी जान पहचान लाजपत नगर, नई दिल्ली निवासी रेवा कालरा से हुई थी। दोनों की बातचीत के बाद मित्रता हो गई। वह उसको दिल्ली भी बुलाने लगी। इस दौरान उससे घर और परिवार के साथ आर्थिक स्थिति की भी जानकारी हासिल कर ली। जब भी वह उससे मिलने जाते तब हजारों रुपये खर्च करवाती थी। आरोप है कि उसने अपने परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर बताई। इसके बाद 60 हजार रुपये ले लिए। महंगे उपहार लेने लगी।