फतेहाबाद फोटो।पिन्नापुरा में ग्रामीणों को संबोधित करते सांसद राजकुमार चाहर, मौजूद विधायक छोटेला
फतेहाबाद। विगत 15 जून को फतेहाबाद फिरोजाबाद मार्ग पर पूठपुरा गांव के पास थार कार की टक्कर से युवक की मौत के बाद जाम लगाकर पुलिस पर पथराव के आरोप में जेल भेजे गए निर्दोष लोगों को जल्द रिहा कराया जाएगा। घटना को बाहरी लोगों ने अंजाम दिया था, उन्हें जेल भेजा जाएगा।
यह आश्वासन मंगलवार को पिन्नापुरा गांव में हुई शांति समिति की बैठक में सांसद राजकुमार चाहर ने ग्रामीणों को दिया। सांसद ने बताया कि इस संबंध में मंगलवार को उन्होंने क्षेत्रीय विधायक छोटेलाल वर्मा व भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया के साथ पुलिस आयुक्त दीपक कुमार से मुलाकात कर निर्दोष लोगों को रिहा करने की मांग की। सांसद चाहर ने कहा उन दो लोगों को तत्काल रिहा कराया जाएगा, जिनकी हाल में शादी है। जो निर्दोष जेल गए हैं, जांच कर उन्हें भी रिहा कराया जाएगा। पिन्नापुरा तथा पूठपुरा के किसी भी व्यक्ति को पुलिस जेल नहीं भेजेगी। घटना को बाहरी लोगों ने अंजाम दिया था, उनको जेल भेजा जाएगा। सांसद ने कहा, जिनके निर्दोष परिजन जेल गए हैं, वह सबूत दें कि वह घटना के समय अन्य जगह थे। उन्हें जेल से रिहा कराया जाएगा। ढाई सौ अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है, वह भी खत्म कराई जाएगी। वहीं क्षेत्रीय विधायक छोटेलाल वर्मा ने कहा पुलिस आयुक्त ने गांव में पुलिस की धरपकड़ पर रोक लगा दी है। लोग किसी के बहकावे में ना आएं। जो भी निर्दोष हैं, वह सभी जेल से बाहर आएंगे। इस अवसर पर डीसीपी पूर्वी अभिषेक अग्रवाल, सांसद प्रतिनिधि देवेंद्र उर्फ मुन्ना लंबर, पिछड़ा वर्ग के जिलाध्यक्ष कप्तान सिंह, महेंद्र वर्मा, राजू वर्मा ठेकदार, पूर्व प्रधान राममहेश वर्मा, प्रधान हरिओम वर्मा, राजकुमार वर्मा, जय प्रकाश वर्मा, पूर्व प्रधान भगवती प्रसाद, योगेश चौहान, एसीपी इमरान अहमद, प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा, लाखन सिंह वर्मा आदि माैजूद थे।