जमीन पर कर लिया रसूखदारों ने कब्जा, परिवार ने छोड़ा गांव
- कलेक्ट्रेट में धरने पर बैठे परिवार ने मुख्यमंत्री से मांगी आत्मदाह की अनुमति
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। थाना बेवर क्षेत्र के गांव दुर्जनपुर का एक परिवार बुधवार को कलेक्ट्रेट में धरने पर बैठ गया। आरोप लगाया कि रसूखदारों ने जमीन मकान पर कब्जा कर लिया है। जिस कारण वह लोग गांव छोड़ कर आ गए हैं। एसपी को प्रार्थनापत्र देकर परिवार सहित आत्मदाह की अनुमति मांगी। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने परिवार से जानकारी ली।
बेवर क्षेत्र के गांव दुर्जनपुर निवासी जगदीश प्रसाद ने बताया कि गांव स्थित उनकी बैनामाशुदा आवासीय भूमि और मकान पर लेखपाल से साठगांठ कर रसूखदार कब्जा कर रहे हैं। 2 अक्तूबर को जब वह कब्जे को रोके जाने की मांग लेकर थाने गए तो वहां उन्हें बंद करने की धमकी देकर भगा दिया गया। उनकी ओर से रसूखदारों के खिलाफ कई प्रार्थना पत्र दिए गए लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। शासन को गुमराह कर जांच में झूठी रिपोर्ट पेश की गई हैं। रसूखदार बुधवार की सुबह आए और उनकी जगह पर निहास भरकर कब्जा करने लगे। घर में तोड़फोड़ करते हुए कहा कि वह 7 लाख रुपये खर्च कर चुके हैं। कितनी भी शिकायतें करो उनका कुछ नहीं होगा। न्याय न मिलने से व्यथित होकर अब उनके पास परिवार सहित आत्मदाह के अलावा कोई अन्य रास्ता नहीं है। पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री से आत्मदाह को लेकर अनुमति मांगी है। सूचना मिलने के बाद महिला थाना प्रभारी हेमलता सिंह, एसआई कशिश धामा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और पीड़ित परिवार से जानकारी ली। उन्हें आश्वासन दिया कि वह लोग परेशान न हों। किसी के भी साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।