धारऊ बाईपास रोड पर ग्राम समाज की जमीन हो रहा निर्माण। स्रोत: शिकायतकर्ता
मैनपुरी। मौजा मैनपुरी देहात नगरिया मोड़ धारऊ बाईपास पर रसूखदार ग्राम समाज की जमीन पर कब्जा कर निर्माण कार्य करा रहे हैं। जब स्टेशन रोड निवासी शिकायतकर्ता ने रोकने का प्रयास किया तो जान से मारने की धमकी दी। शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी न्यायालय का आदेश भी नहीं मान रहे हैं। एसडीएम से शिकायत की गई है।
कोतवाली क्षेत्र के स्टेशन रोड निवासी राकेश कुमार ने एसडीएम से शिकायत की है। इसमें कहा है कि मौजा मैनपुरी देहात नगरिया मोड़ कलाहारी आश्रम धारऊ बाईपास रोड पर ग्राम समाज की भूमि है। उक्त जमीन पर नगरिया खुर्द के रहने वाले रसूखदार लोग कब्जा कर रहे हैं। पूर्व में इनके विरुद्ध शिकायतें की जा चुकी हैं। कोर्ट में मामला चल रहा है और निर्माण कार्य न किए जाने को लेकर आदेश भी हैं। इसके बाद भी रसूखदारों ने जमीन पर निर्माण कार्य कराना शुरू कर दिया है।
जानकारी होने के बाद जब उन्होंने मना किया तो जान से मारने की धमकी दी गई। आरोपी उनके साथ कोई वारदात अंजाम दे सकते हैं। राकेश ने बताया कि रसूखदार एक बार कोतवाली में आदेश न आने तक निर्माण कार्य न करने की बात लिखित में भी दे चुके हैं। पीड़ित ने एसडीएम से कब्जा रुकवाने व हटवाने की मांग की है।