मैनपुरी। करहल रोड पर चेकिंग करने गई विद्युत निगम की टीम के साथ उपभोक्ता व अन्य लोगों द्वारा अभद्रता की गई। लोगों की उग्रता देख टीम ने मौके से भाग कर जान बचाई। तहरीर मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विद्युत उपकेंद्र करहल रोड पर तैनात सहायक तकनीकी द्वितीय संजय कुमार शनिवार को बिल वसूली व चेकिंग के लिए टीम के साथ करहल रोड पर सिंह गन हाउस वाली गली में गए थे। रामकिशन के वाणिज्यिक संयोजन सोफिया ब्यूटी पार्लर के परिसर में पहुंच कर बकाया बिल जमा किए जाने की बात कही। ब्यूटी पार्लर पर मौजूद महिला ने बिल जमा करने में असमर्थता जताई। तब टीम ने कनेक्शन काटे जाने की बात कही तो ब्यूटी पार्लर संचालक के प्रतिनिधि बॉबी गुप्ता ने टीम के साथ अभद्रता कर दी। गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। उग्रता बढ़ते देख टीम वापस उपकेंद्र पर आ गई। पुलिस ने बॉबी गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है।