18एमएनपी-14-आरसीएल कंपाउंड में आयकर छापे के दौरान तैनात पुलिस बल
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। राज कारपोरेशन लिमिटेड (आरसीएल) के डायरेक्टर और सपा नेता मनोज यादव के पंजाबी कॉलोनी स्थित आवास पर शनिवार को सुबह आयकर विभाग ने छापा मारा। एक बड़ी टीम के साथ अलग-अलग जिलों के आयकर अधिकारी शनिवार को सुबह छह बजे यहां पहुंचे। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच यहां रात तक कार्रवाई चलती रही।
शहर के पंजाबी कॉलोनी स्थित आरसीएल कंपनी के डायरेक्टर मनोज यादव के आवास पर आयकर विभाग की टीम शनिवार को सुबह छह बजे पहुंची। इसमें दिल्ली, लखनऊ, कानपुर, आगरा, झांसी और प्रयागराज के अधिकारी शामिल थे। 12 गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंची टीम ने यहां पहुंचते ही मुख्य गेट को बंद करा दिया। साथ ही घर के गेट से लेकर अन्य सभी स्थानों पर पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई। इसके बाद आयकर विभाग की टीम अभिलेख और कैश खंगालने में जुट गई। दिनभर यहां आयकर विभाग की टीम अपने काम में जुटी रही।
कार्रवाई के दौरान परिवार के किसी भी सदस्य को बाहर आने की अनुमति नहीं दी गई। कार्रवाई को आयकर विभाग गोपनीय बनाए हुए है। मनोज यादव को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का बेहद करीबी माना जाता है।