आगरा के संजय प्लेस स्थित आयकर भवन की सातवीं मंजिल से कूदकर आयकर निरीक्षक सुरेश चंद माैर्या (50) ने बृहस्पतिवार शाम आत्महत्या कर ली थी। हरीपर्वत पुलिस ने रात में पोस्टमार्टम कराया। इसमें अधिक खून बहने को मौत का कारण माना गया। हालांकि गिरने की वजह से उनकी पसलियां, बाएं हाथ और पैर की हड्डी टूट गई थीं। पुलिस को अब तक आत्महत्या का कारण पता नहीं चला है। पारिवारिक कलह की आशंका जता रही है।
मूल रूप से लखनऊ निवासी सुरेश चंद माैर्या पश्चिमपुरी स्थित ब्रज द्वारिका काॅलोनी में रह रहे थे। बृहस्पतिवार शाम उन्होंने संजय प्लेस स्थित ऑफिस की सातवीं मंजिल पर जाकर सीढ़ियों की रेलिंग पर चढ़कर छलांग लगा दी थी। गार्ड की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। बाद में बेटा सूरज और पत्नी अलका पहुंचीं। परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट की जानकारी दी और बताया कि आयकर भवन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को देखा गया। सुरेश चंद स्कूटर को पार्किंग में खड़ा करने के बाद परिसर में आकर सीढि़यों से ऊपर गए। वह कैमरों के फुटेज में नजर आए हैं। उन्हें सातवीं मंजिल पर छत का गेट बंद मिला तो वहीं से छलांग लगा दी। उनकी चप्पल वहीं पड़ी मिलीं। हालांकि वहां कोई कैमरा नहीं है।
नहीं मिला अवसाद में आने का कारण
थाना हरीपर्वत के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आयकर भवन परिसर में किसी और के आने की पुष्टि नहीं हुई है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का है। पारिवारिक कलह की आशंका है। आयकर निरीक्षक के अवसाद में रहने और पूर्व में उनका मनोचिकित्सक से उपचार होने का भी पता चला है। वह अवसाद में क्यों आए, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। फिलहाल परिजन की तरफ से लिखित में कोई शिकायत नहीं की गई है।
पहले भी की थी आत्महत्या की कोशिश
विभागीय सूत्रों के अनुसार आयकर निरीक्षक ने करीब दो साल पहले भी आत्महत्या की कोशिश की थी। उस समय उन्होंने अपने आवास पर ही जहरीला पदार्थ पी लिया था। सूचना पर परिजन काॅलोनी में रह रहे साथी अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचाया था। इसके बाद से उनका एक मानसिक रोग चिकित्सक के साथ इलाज चल रहा था।
वॉकआउट की वजह से खाली था परिसर
आयकर विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की एसोसिएशन ने बृहस्पतिवार को वॉकआउट का आह्वान किया था। इसकी वजह से कई कर्मचारी व अधिकारी दोपहर बाद ही कार्यालय छोड़कर चले गए। चूंकि मौर्या बृहस्पतिवार को कार्यालय नहीं आए थे, इसलिए किसी ने ऐसी घटना के बारे में सोचा भी नहीं। वहीं, दूसरी मंजिल पर उनका कार्यालय होने की वजह से सुरक्षाकर्मियों ने भी सातवीं मंजिल पर जाने का अंदाजा नहीं लगाया।
पत्नी ने तोड़ दीं चूड़ियां
पत्नी ने आयकर भवन में पहुंचने पर पति का शव देखकर अपनी चूड़ियां तोड़ना शुरू कर दिया। वह रोये जा रही थीं। उन्हें किसी तरह लोगों ने संभाला। यह देखकर लोग भावुक हो गए। बेटी सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रही है।