रमजान माह का आखिरी जुमा (जुमा तुल अलविदा) 23 जून को होगा। अलविदा की नमाज शाही जामा मस्जिद में अदा की जाएगी। मंटोला तिराहे से ही वाहनों का आवागमन बंद कर दिया जाता है। नमाज मौलाना इरफान उल्ला खां पढ़ाएंगे। इस्लामियां लोकल एजेंसी के चेयरमैन असलम कुरैशी का कहना है कि अभी तक प्रशासन ने अलविदा की नमाज के लिए इंतजाम नहीं किए हैं।
उन्होंने बताया कि मस्जिद में शहर के अलावा देहात से ही बड़ी संख्या में लोग नमाज अदा करने आते हैं। ऐसे में धूप और बारिश की स्थिति में नगर निगम की ओर से शामियाने लगाए जाते हैं। साफ सफाई, सड़कों पर पैचवर्क, स्ट्रीट लाइटें ठीक कराने और बिजली के तारों को ठीक कराने के काम किए जाते हैं। इसके अलावा वुजू के लिए पानी के टैंकर तीन स्थानों पर लगवाए जाते हैं। उन्होंने व्यवस्थाएं करने की मांग की है।
दोपहर 1.45 बजे होने वाली नमाज के लिए पूर्वाह्न 11.30 बजे से यातायात व्यवस्था में परिवर्तन किया जाएगा। बिजलीघर की ओर से आने वाले वाहनों को बिजलीघर पुल पर ही रोका जाएगा। दरेसी, फव्वारा, यमुना किनारा रोड से भी वाहनों को जामा मस्जिद की ओर नहीं आने दिया जाएगा।