अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लिए ताजनगरी में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए जा रहे हैं। खेरिया एयरपोर्ट से लेकर ताजमहल तक पांच किमी के क्षेत्र में हर घर की तलाशी ली जाएगी। यहां रहने वाले लगभग दो लाख लोगों का सत्यापन कर पुलिस अपनी ओर से पहचान पत्र जारी करेगी।
एसएसपी बबलू कुमार ने सुरक्षा प्लान की शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जानकारी दी। वहीं 18 फरवरी को मुख्यमंत्री खुद सुरक्षा व्यवस्था की जायजा लेने आगरा आएंगे।
ट्रंप की सुरक्षा में लगभग पांच हजार पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। 17 फरवरी से 25 तक खुफिया एजेंसियों के लगभग 200 अधिकारी शहर में डेरा डाल देंगे। 17 को अमेरिका के सुरक्षा अधिकारियों की एडवांस टीम आएगी।
ड्रोन से होगी निगरानी
पुलिस और नगर की टीमों ने खेरिया से ताजमहल तक के हर घर की सूची तैयार की है। इनमें रहने वाले लोगों के नाम ही लिस्ट अलग बनी है। घरों की छतों पर ड्रोन से निगरानी दो दिन के भीतर ही शुरु करा दी जाएगी।
इसी के साथ हर शख्स का सत्यापन शुरु हो जाएगा। इस क्षेत्र में रहने वाले किराएदारों का भी सत्यापन होगा। एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि ट्रंप की विजिट के लिए सुरक्षा संबंधी हर उपाय किया जा रहा है।
18 फरवरी को आएंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
डोनाल्ड ट्रंप की विजिट की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 18 फरवरी को खुद ताजनगरी आएंगे। वो अफसरों के साथ मीटिंग कर खेरिया से ताज तक के क्षेत्र का दौरा करेंगे। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में इसकी जानकारी दी।
24 को ताज महोत्सव में हो सकती है छुट्टी
डोनाल्ड ट्रंप के दौरे के कारण ताज महोत्सव के 24 फरवरी के कार्यक्रम स्थगित किए जा सकते हैं। इस पर प्रशासन विचार कर रहा है। ताज महोत्सव ताज के पास ही लगता है। यह 18 फरवरी से शुरू हो जाएगा। 24 फरवरी की छुट्टी रखने पर 17 को फैसला होगा।
हर छत पर तैनात रहेगा पुलिसकर्मी
23 फरवरी की रात में ही पुलिस पूरे इलाके में तैनात कर दी जाएगी। 24 फरवरी की सुबह से ही रूफ टॉप ड्यूटी लगेंगी। हर छत पर पुलिसकर्मी तैनात रहेगा। ट्रंप के आने से वापसी तक लोगों को लगभग दो घंटे घरों से नहीं निकलने दिया जाएगा।
विरोध प्रदर्शन करने वाले भेजे जाएंगे जेल
- शहर में धारा 144 लगी है, अगर 24 तक किसी संगठन या व्यक्ति ने विरोध प्रदर्शन किया तो उसे शांति भंग की आशंका में जेल भेजा जाएगा।
- अगर किसी ने ट्रंप या अमेरिका के विरोध में कोई बयान या भाषण दिया तो खुफिया एजेंसियां उसकी तुरंत निगरानी शुरु कर देंगी, उसकी पूरी कुंडली बनेगी।
- अगर किसी होटल में बगैर आईडी या फर्जी आईडी पर कमरा बुक किया गया तो इसकी जानकारी मिलते ही होटल मालिक पर केस दर्ज किया जाएगा।
- ट्रंप के आते ही खेरिया से ताज ही नहीं, इस पांच किमी. में आने वाले हर रास्ते का ट्रैफिक रोक दिया जाएगा, यह ट्रंप की वापसी के बाद ही खुलेगा।
- मोबाइल फोन जैमर सुबह से ही लगा दिए जाएंगे, खेरिया से ताजमहल तक के मोबाइल सुबह से शाम तक बंद रखे जाएंगे।
- 18 फरवरी से खेरिया, शाहगंज, ताजगंज में लाइसेंसी असलाह और इन पर लिए गए कारतूसों का सत्यापन करेगी पुलिस।