कासगंज। आरपीएफ द्वारा अवैध रूप से ले जाई जा रही चांदी सहित हिरासत में लिए गए यात्री पर वस्तु और सेवाकर विभाग ने 1.34 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। जुर्माना अदायगी के बाद चांदी रिलीज की गई और यात्री को रिहा कर दिया गया।
रविवार की रात कासगंज जंक्शन रेलवे स्टेशन से एक व्यक्ति को संदिग्ध मानते हुए हिरासत में लिया गया। तलाशी में उसके बैग से 3.350 किलो चांदी मिली। इस चांदी की कीमत लगभग 2 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई। इस व्यक्ति ने कोई भी दस्तावेज जीएसटी से संबंधित नहीं दिखाए। वाणिज्यकर अधिकारी महेश चंद्र अपनी टीम के साथ स्टेशन पहुंचे। रविवार देर रात तक उन्होंने वैल्युऐशन कराया। कीमत के आकलन के बाद यात्री पर 1.34 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। क्योंकि दस्तावेज न होने के कारण यह चांदी अवैध मानी और इसे कर चोरी माना गया। जुर्माने की अदायगी यात्री ने की। उसके बाद उसे रिहा किया गया और चांदी उसके पक्ष में रिलीज कर दी गई।
- जिस यात्री के पास चांदी मिली उससे वस्तु और सेवाकर विभाग के अधिकारियों ने पूछताछ की और उस पर 1.34 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। - आरपी सिंह, प्रभारी, आरपीएफ।