आगरा में सोमवार को एसडीएम के नेतृत्व में तहसील किरावली और थाना फतेहपुर सीकरी की संयुक्त टीम ने गांव पनचक्की में स्कूल की भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराया गया। एसडीएम किरावली अनिल कुमार सिंह ने बताया कि गांव पनचक्की में प्राइमरी स्कूल की 2070 वर्गमीटर भूमि है। इस भूमि के एक बड़े भूभाग पर भारतीय यूनियन लोकशक्ति के तथाकथित मंडल अध्यक्ष द्वारिका प्रसाद उपाध्याय ने चुनाव के दौरान चारदीवारी बनाकर अवैध कब्जा कर लिया गया था।
क्षेत्रीय लेखपाल व पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर भी अवैध निर्माण नहीं रोका गया बल्कि उनके साथ दुर्व्यवहार भी किया गया। इसी की आड़ में गांव के ही एक अन्य व्यक्ति मोहनस्वरूप ने भी साथ में लगी ग्रामसभा की भूमि पर दो कमरे और चारदीवारी बनाकर कब्जा कर लिया गया। मामला संज्ञान में आने पर तहसीलदार द्वारा नायब तहसीलदार अमित मुद्गल के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर पैमाइश कराई गई।
महिलाओं ने की विरोध करने की कोशिश
पैमाइश के दौरान द्वारिका प्रसाद और उसके परिवार की महिलाओं ने टीम का विरोध करते हुए कार्य रुकवा दिया। इस पर एसडीएम किरावली प्रभारी निरीक्षक थाना फतेहपुर सीकरी भीम सिंह जावला व भारी पुलिस बल को लेकर मौके पर पहुंचे। एसडीएम के सामने भी दुस्साहस दिखाते हुए अवैध कब्जाधारी और उसके परिवार की कई महिलाओं ने जेसीबी के सामने लेटने की कोशिश की। इन सभी को गिरफ्तार कर थाने भिजवा दिया गया।
इसके बाद जेसीबी द्वारा सभी अवैध निर्माण जमींदोज करा दिए गए। उपजिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी जमीनों पर कब्जा करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। तहसील क्षेत्र में सरकारी भूमियों पर काबिज व्यक्तियों को चेतावनी दी गई है कि वे स्वयं ही अवैध कब्जे हटा लें अन्यथा कब्जे हटाने के साथ साथ कठोर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।