आगरा में अवैध निर्माणकर्ताओं के हौसलें बुलंद हैं। सील तोड़कर तीसरी बार अवैध निर्माण करने पर सेक्टर-1 स्थित टीआरएस मॉल में मंगलवार को आवास विकास परिषद ने 27 दुकानों को सील किया है। आवंटी संतोष कुमार गुप्ता के खिलाफ केस दर्ज कराने के लिए थाना जगदीशपुरा में तहरीर दी गई है।
आवास विकास कॉलोनी, सिकंदरा योजना के सेक्टर-1 में न्यू शाहगंज निवासी संतोष कुमार गुप्ता को आवास विकास परिषद ने व्यावसायिक भूखंड 1/2 आवंटित किया था। भूखंड पर स्वीकृत मानचित्र के विरुद्ध निर्माण हुआ। परिषद ने अधिनियम 1965 की धारा 82 (1) और 82 (2) के तहत नोटिस व ध्वस्तीकरण के आदेश जारी किए थे। अवैध निर्माण हटाने पर पहली बार 18 अप्रैल 2024 को दुकानें सील की गईं। दूसरी बार 25 मई 2024 को दुकानें सील की गईं। दो बार सीलिंग के बावजूद सील तोड़कर तीसरी बार अवैध निर्माण पर अधीक्षण अभियंता अतुल कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन दल ने टीआरएस मॉल की 27 दुकानों को सील किया है।
अधिशासी अभियंता निर्माण खंड-2 सूरजपाल ने आवंटी संतोष कुमार गुप्ता के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने के लिए जगदीशपुरा थाना में तहरीर दी है। प्रवर्तन अधिकारी रिटा. कर्नल जीएम खान ने बताया कि सीलिंग के दौरान आवंटी व अन्य लोगों ने भारी विरोध किया। सरकारी कार्य में बाधा डाली। 27 दुकानों को सील किया गया है। रिपोर्ट शासन को भेजी जा रही है।