मैनपुरी के कुरावली में जीटी रोड पर मलावन मोड़ के पास बेकाबू कंटेनर ने साइकिल सवार रिटायर्ड फौजी और उसकी पत्नी तथा फिरोजाबाद के एक बाइक सवार को रौंद दिया। हादसे में दंपति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार घायल हो गया।
बाद में मृतक के परिवारीजनों और ग्रामीणों ने शव को जीटी रोड पर रखकर जाम लगा दिया। इस बीच कुछ वाहनों तोड़फोड़ की गई। सूचना मिलने के बाद एसडीएम, सीओ व कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया। करीब तीन घंटे के बाद जाम खुल सका। इसके बाद पुलिस ने शवों को सील कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थाना क्षेत्र के गांव सरायलतीफ निवासी सेवानिवृत्त सैनिक महाराज सिंह पाल (45), पत्नी शीला देवी को साइकिल से दवा दिलाने के लिए कुरावली जा रहे थे।
वह जब जीटी रोड पर संतनगर मोड़ के पास पहुंचे, तभी सामने कानपुर की ओर से आ रहे कंटेनर को ट्रक ने कट मार दिया। टक्कर से बेकाबू हुआ कंटेनर सड़क किनारे गड्ढे में चला गया।
जाम कर दिया
- फोटो : अमर उजाला
चपेट में आकर साइकिल सवार महाराज सिंह व शीला देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हादसे में फिरोजाबाद के गांव नगला गढ़ी निवासी हाकिम अली भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
कंटेनर के नीचे दबे मृतकों को निकालने के प्रयास किए। हादसे के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। घायल बाइक सवार को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हादसे की जानकारी होने के बाद मृतक के परिवारीजन व ग्रामीण आक्रोशित हो गए। जीटी रोड पर अवरोध डालकर मार्ग को जाम कर दिया। हादसे के बाद जाम की सूचना मिलने के बाद बिछवा, औंछा, घिरोर, एलाऊ, कुर्रा, भोगांव, मैनपुरी का फोर्स घटनास्थल पर पहुंच गया। दमकलकर्मी भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
आक्रोशित ग्रामीणों ने जमकर हंगामा करते हुए कई वाहनों में तोड़फोड़ भी की। ग्रामीणों का आक्रोश देखकर वहां मौजूद पुलिस भी मूकदर्शक बनी रही। करीब तीन घंटा तक चले हंगामा के बाद एसडीएम व सीओ के काफी समझाने के बाद जाम खुल सका। जाम खुलने के बाद शवों को सील कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।