बस अड्डे पर खड़ीं रोडवेज की बसें (फाइल)
- फोटो : अमर उजाला
आगरा जिले में रविवार को संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा में अलीगढ़, मथुरा, एटा, दिल्ली, नोएडा से अभ्यर्थी आगरा पहुंचेंगे। ऐसे में अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रोडवेज ने तैयारियां पूरी कर ली है। परिवहन विभाग आगरा से अभ्यर्थियों के लिए अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी।
एआरएम आगरा फोर्ट जयकरन सिंह ने बताया कि जिस रूट की सवारियां होंगी, उसी रूट पर बस को रवाना कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि परीक्षा देकर लौटने वाले अभ्यर्थियों के लिए पर्याप्त बसें हैं। रविवार को दिल्ली, नोएडा, मथुरा, पलवल रूट पर सर्वाधिक बसें संचालित होंगी। इसके अलावा अलीगढ़, हाथरस, मैनपुरी, फर्रुखाबाद, कानपुर, इटावा रूट पर भी अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी।
एमजी रोड पर 28 की जगह 50 बसें दौड़ेंगी
एमजी रोड पर एसी और नॉन एसी बसों के अतिरिक्त बसें चलेंगी। महाप्रबंधक मनोज कुमार पुंढीर ने बताया कि एमजी रोड से ही अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचना होगा। ऐसे में एमजी रोड पर 28 की जगह 50 बसों का संचालन किया जाएगा। अभ्यर्थियों की संख्या के मुताबिक इन्हें बढ़ाया जा सकता है।