मैनपुरी। कोरोना की तीसरी लहर को लेकर शासन और प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। इसके बावजूद भी जगह-जगह लोगों की भीड़ दिखाई दे रही है। उन हालातों में तीसरी लहर से बचना मुश्किल होगा। बाजारों और दुकानों के साथ ही जगह-जगह मेले आयोजित हो रहे हैं। जहां कोरोना गाइडलाइन की जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। ऐसे में तीसरी लहर से जनपद के लोग कैसे बच सकेंगे।
---
केस नंबर एक- शहर का मुख्य बाजार
मंगलवार को शहर के मुख्य बाजार में लोगों की भीड़ पहुंची। भीड़ में शामिल लोग सामाजिक दूरी को तार-तार कर रहे थे। भीड़ में शामिल लोग न तो मास्क लगाए हुए थे और न ही एक दूसरे से दूर रहने का प्रयास कर रहे थे। भीड़ को हटाने के लिए पुलिस प्रशासन भी कोई प्रयास नहीं कर रहा था। ऐसे में यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो जिले में कोरोना की तीसरी लहर को कहर बरपाने से कोई रोक नहीं सकता।
-----
केस नंबर दो- आलीपुरखेड़ा का मेला
मंगलवार को कस्बा आलीपुर खेड़ा में बकरीद का मेला लगा हुआ था। मेले में भीड़ को देखकर कहीं पर यह लग ही नहीं रहा था कि लोगों के मन में कोरोना को लेकर कोई भय है। भीड़ में शामिल लोग बिना मास्क के एक दूसरे को स्पर्श करते हुए बातचीत कर रहे थे।
लोगों का कहना
कोरोना की तीसरी लहर के आगमन का आईएमए ने दावा किया है। ऐसे में लोगों को चाहिए कि वे कोरोना गाइडलाइन का पालन करें। -कुलदीप कुशवाह
शासन और प्रशासन लगातार कह रहा है कि अभी कोरोना का खतरा टला नहीं है। इसके बाद भी भीड़ को एकत्रित होने दिया जा रहा है। इस पर रोक लगनी चाहिए। -मनोज कुमार
कोरोना की तीसरी लहर के खतरे को देखते हुए स्कूल और कॉलेज बंद हैं। यदि सार्वजनिक स्थानों पर इसी प्रकार से भीड़ है तो फिर स्कूल बंद करने का मतलब ही क्या। -छबिनाथ सिंह
प्रशासनिक अधिकारियों को कोरोना की तीसरी लहर को देखते हुए इंतजाम करने चाहिए। यदि इसी प्रकार से भीड़ रही तो फिर तीसरी लहर से कैसे बचा जा सकेगा। -सचिन कुमार
----
कोरोना का खतरा अभी टला नहीं है। तीसरी लहर की भी संभावना है। ऐसे में लोगों को कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन करना चाहिए। सामाजिक दूरी का पालन करते हुए मास्क आदि लगाकर ही बचाव किया जा सकता है। -डॉ. एके पांडेय सीएमओ