अब तक केवल 55 फीसदी टैक्स ही वसूल पाए नगर निगम के टैक्स अधिकारी अनाप शनाप टैक्स के नोटिस भेज रहे हैं। गड़बड़ी का आलम ये है कि जिन संपत्तियों से बीते साल तक 6500 या 7300 रुपये हाउस टैक्स के रूप में वसूले जा रहे थे, उन्हें इस साल अचानक ही 67 हजार, 73 हजार, 80 हजार रुपये के नोटिस भेज दिए गए।
नोटिस मिलने के बाद घबराए लोग नगर निगम पहुंच रहे हैं। इनमें से कई शिकायतें मेयर नवीन जैन और नगर आयुक्त अरुण प्रकाश से भी की गई हैं। मेयर ने शिकायतों की संख्या बढ़ने के बाद टैक्स अधिकारियों से नियमावली तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
होटल एंड रेस्टोरेंट ऑनर्स एसोसिएशन के सदस्य सुरेश खन्ना ने मेयर नवीन जैन से मुलाकात कर उन्हें निगम अधिकारियों द्वारा की गई गड़बड़ी से रूबरू कराया। खन्ना का हाउस टैक्स का बिल 6,42,622 रुपये भेजा गया, जिसे देखकर वह दंग रह गए।
सुरेश खन्ना की तरह अमरदीप चौधरी के विभव नगर स्थित घर का हाउस टैक्स 7321 रुपये भेजा गया, लेकिन इस बार उन्हें 42 हजार रुपये का नोटिस मिला तो वह भी शिकायत लेकर मेयर से मिले। इनकी तरह नगर आयुक्त से मिलकर गड़बड़ी दूर करने के लिए लोग गुहार लगा रहे हैं।
नियमावली होगी तैयार
हाउस टैक्स और वाटर टैक्स में गड़बड़ी की शिकायतें मेरे पास ज्यादा आ रही हैं। कुछ न कुछ गड़बड़ी टैक्स विभाग ने की है, जिससे लोग परेशान हैं। हाउस टैक्स के लिए तय नियमावली तैयार की जाएगी, जिससे एक ही साल में कई गुना का अंतर न आए -
नवीन जैन, मेयर