करहल। मौसेरे भाई ने लोन की किस्त जमा नहीं करने के विवाद में होटल संचालक पर फायर झोंक दिया। परिवार के लोगों के साथ गाली गलौज करते हुए धमकी दी। रविवार को मामले में तहरीर मिलने पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इटावा के आईटीआई चौराह एचएन नगर निवासी अंकुर यादव ने केस दर्ज कराया है। पुलिस को बताया कि भाई चंदन ने मौसेरे भाई अनुज उर्फ विवेक निवासी नगला पूठ करहल के साथ मिलकर सैफई बाईपास नगला धर्म के पास एक प्लॉट खरीदा था। इसमें दोनों ने होटल का निर्माण कराया। लोन की किस्त दोनों बारी-बारी से भर रहे थे। 11 सितंबर की शाम चंदन और अनुज के बीच किस्त जमा पर विवाद हो गया। इसके बाद रात करीब नौ बजे अनुज उर्फ विवेक अपने भाई विकास और पत्नी पायल के साथ होटल पर आए। अनुज ने तमंचे से चंदन पर फायर झोंक दिया। गोली शटर में जा लगी, आरोपियों ने चंदन और मां उमा देवी से अभद्रता कर पीटा। लोगों को एकत्र होता देख आरोपी धमकी देकर भाग गए। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि केस दर्ज किया गया है।