आगरा के जेजे हॉस्पिटल में किडनी ऑपरेशन के बाद महिला मरीज की मौत से नाराज परिजनों ने अस्पताल में घुसकर तोड़फोड़ और डॉक्टर-कर्मचारियों से मारपीट की। पुलिस ने 25 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है, जबकि घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है।
आगरा के थाना जगदीशपुरा के आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर-12 स्थित जेजे हॉस्पिटल में अभद्रता, मारपीट और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। हॉस्पिटल में महिला मरीज की मौत पर परिजन ने हंगामा किया था। आरोप है कि चेंबर और आईसीयू में घुसकर तोड़फोड़ की थी। कर्मचारियों और डॉक्टर को भी पीटा था। पुलिस के आने पर कर्मचारी किसी तरह बच सके थे। मामले में 25 के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
विज्ञापन
डॉ. सौरव श्रीवास्तव ने बताया कि वह 7-8 साल से आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर-12 में जेजे हॉस्पिटल संचालित कर रहे हैं। 27 अगस्त को रात 9:30 बजे औरंगाबाद खादर, सदर, मथुरा निवासी बबीता पत्नी मुकेश प्रताप को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनका 23 अगस्त से इलाज चल रहा था। मरीज के किडनी में इंफेक्शन था। उनकी दाईं तरफ की किडनी काम नहीं कर रही थी। इस पर मरीज के परिजन को ऑपरेशन की सलाह दी गई थी।
ऑपरेशन के बाद मरीज की तबीयत खराब होने लगी। सघन चिकित्सा से तकरीबन 2 घंटे तक ऑपरेशन चला। रात करीब 8:42 बजे मरीज की मौत हो गई। तभी मरीज के 25-30 रिश्तेदार आ गए। चेंबर और आईसीयू में तोड़फोड़ करने लगे। अस्पताल के कर्मचारी योगेंद्र सिंह चौहान, विपिन कुमार, सूर्यवंशी, कमल, दीपक चौहान, दीपिका सोनी, डॉ. नितेश, विहान पांडे आदि की पिटाई कर दी। इससे उन्हें काफी चोटें आईं। इसकी जानकारी पर पुलिस पहुंच गई थी। पुलिस ने किसी तरह मामले को शांत कराया था।
विज्ञापन
अगले ही दिन 28 अगस्त को एक गाड़ी और स्कॉर्पियो व बाइकों पर 20 से 25 लोग हॉस्पिटल आ गए। उन्होंने हॉस्पिटल में अभद्रता और गाली-गलौज की। जान से मारने की धमकी देने लगे। इस पर पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस पहुंच गई। तब कहीं आरोपी शांत हुए। घटना हॉस्पिटल में लगे सीसीटीवी कैमरा में कैद हो गई, जिससे आरोपियों की पहचान की जा सकती है। एसीपी लोहा मंडी गौरव सिंह ने बताया कि मामले में मृतक महिला के परिजन ने चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया था। पुलिस से शिकायत की थी। वहीं अब चिकित्सक ने तोड़फोड़ के आरोप लगाए हैं। मामले में साक्ष्य संकलन कर कार्रवाई की जाएगी।