उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जनपद में झूठी शान के लिए कत्ल का मामला सामने आया है। ऑनर किलिंग की घटना सिरसागंज थाना क्षेत्र की है। पुलिस द्वारा हिरासत में लिए युवती के पिता देवीराम ने पूछताछ में बताया कि उसने बेटी और उसके प्रेमी को एक अगस्त दिल्ली से पकड़ा था। इसके बाद दो अगस्त को दोनों को नसीरपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत नौरंगी घाट के समीप लेकर पहुंचे। यहां दोनों की गला दबाकर हत्या कर शवों को यमुना में फेंक दिया था।
थाना क्षेत्र के जहांगीरपुर में ऑनर किलिंग के मामले में आरोपी युवती के पिता देवीराम ने बताया कि उसने सबसे पहले अपनी बेटी का गला उसके प्रेमी के सामने ही दबाया था। बेटी की मौत के बाद उसके प्रेमी उत्तम की गला दबाकर हत्या की। दोनों के शवों को एक ही स्थान पर एक साथ फेंका था। बेटी और उसके प्रेमी की हत्या के बाद आरोपी देवीराम अपने घर पहुंचा था। इसकी जानकारी देवीराम के परिवार की महिलाओं को नहीं थी। पांच अगस्त को अचानक देवीराम के लापता होने के बाद गांव की पगडंडियों से लेकर चौपाल तक चर्चा शुरू हो गई। इसके बाद पुलिस देवीराम तक पहुंच सकी और पूरे मामले का खुलासा हो सका। थानाध्यक्ष प्रवींद्र कुमार ने बताया कि आरोपी पिता देवीराम ने कबूला है कि पहले बेटी और बाद में उसके प्रेमी की हत्या की थी और इसके बाद गांव में आकर रहने लगा था। उसने वारदात को इस प्रकार से अंजाम दिया कि किसी को शक नहीं हो।
आगरा से बुलाए गए पीएसी के गोताखोर
प्रेमी युगल के शव को ढूंढने के लिए पुलिस आगरा से पीएसी के गोताखोर बुलाए। हालांकि देरशाम तक दोनों के शव बरामद नहीं हो सके। पुलिस का मानना है कि शवों को फेंके हुए काफी समय हो चुका है। ऐसे में शवों के बहकर जाने और जलीय जंतुओं द्वारा खाने से भी इनकार नहीं किया जा सकता है। हालांकि अभी तलाश जारी है।
इनके खिलाफ दर्ज हुआ था अपहरण का मुकदमा
सिरसागंज थाना पुलिस ने युवती के पिता देवीराम, चाचा शिवराज, श्याम बिहारी, रोहित, राहुल, अमन और गाड़ी चालक गुंजन निवासी कुतुकपुर के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमा दर्ज होते ही सभी आरोपी फरार हो गए। जबकि पुलिस ने देवीराम को हिरासत में ले लिया है।