कासगंज के सोरों क्षेत्र में कछला बैरियर चौकी पर ड्यूटी के दौरान होमगार्ड धीरेन्द्र सिंह चौहान की अचानक तबीयत बिगड़ गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया, घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
कासगंज सोरों जी कछला बैरियर चौकी पर ड्यूटी के दौरान एक होमगार्ड की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस व परिजन मौके पर पहुंचे। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार होमगार्ड धीरेन्द्र सिंह चौहान (50) पुत्र गुलाब सिंह चौहान निवासी दुर्गा कॉलोनी मानपुर नगरिया थाना सोरों की ड्यूटी सोमवार की सुबह कछला चौकी पर लगी थी। भतीजे मोनू चौहान ने बताया कि सोमवार तड़के करीब चार बजे ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई।
सहकर्मियों ने इसकी सूचना परिजनों को दी। इसके बाद पुलिस व परिजन उन्हें तत्काल कस्बा नगरिया के एक निजी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर वहां से उन्हें सीएचसी सोरों भेजा गया, जहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
विज्ञापन
जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिवार में दो बेटे सतेंद्र पाल सिंह (32) और प्रमोद कुमार (24) हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।