होली पर बाजार में जंबो गिफ्ट पैक, ठंडाई-ड्राईफ्रूट्स और हर्बल गुलाल की खूब मांग है, जिनकी कीमत 500 से 3000 रुपये तक है। वहीं रंग छोड़ने वाली पिचकारी और स्मोक आतिशबाजी बच्चों और युवाओं को खासा आकर्षित कर रही है।
ठंडाई, ड्राईफ्रूट्स, चॉकलेट की मिठास और बंदूक से निकलते रंग। होली पर ऐसे ही आकर्षक आइटम लोगों को लुभा रहे हैं। जंबो पैक में होली पर बनने वाले पकवान-नमकीन, पापड़ समेत अन्य हैं। कई तरह की आतिशबाजी से रंगों की फुहार बरसेगी।
विज्ञापन
चैंबर ऑफ फूड प्राेसेसिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के मंत्री अशोक लालवानी ने बताया कि होली के लिए विशेष गिफ्ट आइटम बाजार में हैं। इस बार जंबो पैक बनाया है। इसमें ठंडाई, ड्राईफ्रूट्स, दाल-साबूदाना समेत पांच तरह के पापड़, पिचकारी, स्प्रे, हर्बल गुलाल समेत 20-25 आइटम हैं। इनकी कीमत 500 रुपये से 3000 रुपये तक है।
महिलाएं अलग-अलग खरीदारी के बजाय जंबो पैक खरीद रही हैं। खंदारी निवासी सचिन सिंह ने बताया कि होली स्पेशल आतिशबाजी आई हैं। इसमें स्मोक स्टिक, स्मोक कैंडल, मल्टी कलर स्मोक स्वार्ड, स्मोक रोडा जैसे 40-50 नए आइटम आए हैं। इसमें आतिशबाजी के साथ कई तरह के रंग निकलते हैं। इसे बच्चे और युवा जमकर खरीद रहे हैं। इनकी कीमत 100 रुपये से 500 रुपये प्रति पीस है।