बांकेबिहारी मंदिर पर गुलाल उड़ाते सेवायत (फाइल)
- फोटो : अमर उजाला
मथुरा के वृंदावन के विश्व प्रसिद्ध ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर में वसंत पंचमी पांच फरवरी को मनाई जाएगी। इसी दिन मंदिर में शृंगार आरती के समय गुलाल उड़ने के साथ ही ब्रज में 40 दिवसीय रंग उत्सव (होली) का भी शुभारंभ हो जाएगा। हर दिन मंदिरों में आस्था के रंग बिखरेंगे।
ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर के सेवाधिकारी रघु गोस्वामी ने बताया कि शृंगार आरती के बाद ठाकुर श्रीबांकेबिहारीजी महाराज वसंती पोशाक धारण कर प्रतीकात्मक रूप से भक्तों संग गुलाल की होली खेलते हैं। वसंत पंचमी पर गोस्वामियों द्वारा चांदी के पांच थालों में लाल, हरा, वसंती, गुलाबी और पीले रंग का गुलाल भक्तों पर डाला जाता है।
रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजाया जाएगा मंदिर
उन्होंने बताया कि वसंत पंचमी से ही ब्रज में 40 दिवसीय होली उत्सव का शुभारंभ हो जाता है। वसंत पंचमी पर बांकेबिहारी मंदिर को रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजाया जाएगा। मंदिर के प्रबंधक मुनीष शर्मा ने बताया कि पांच फरवरी को मंदिर में भीड़ होने की संभावना है। इसे देखते हुए मंदिर में अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे।
इन मंदिरों में होगी होली की शुरुआत
वसंत पंचमी पर वृंदावन के राधावल्लभ मंदिर, राधारमण मंदिर, शाह बिहारी मंदिर, राधा दामोदर, राधा श्यामसुंदर मंदिर सहित सप्त देवालयों में रंगोत्सव की शुरुआत हो जाएगी। बता दें कि ब्रज के मंदिरों में 40 दिन तक होली का उत्सव मनाया जाता है।