टूंडला में पुलिस क्षेत्राधिकारी अभिषेक श्रीवास्तव को ज्ञापन सौंपते हिंदू युवा वाहिनी के पदाधि?
- फोटो : TUNDLA
टूंडला। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर भीम सेना के पदाधिकारी द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अशोभनीय एवं अभद्र टिप्पणी किए जाने से लोगों में आक्रोश है। नारखी पुलिस द्वारा आरोपी के पकड़े जाने के बाद मात्र शांति भंग में चालान किए जाने और छोड़ दिए जाने को लेकर हिंदू युवा वाहिनी ने पुलिस क्षेत्राधिकारी को ज्ञापन देकर आरोपी को जेल भेजे जाने की मांग की अन्यथा थाने के घेराव की चेतावनी दी है।
हिंदू युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष संजय प्रताप सिंह एडवोकेट के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल पुलिस क्षेत्राधिकारी अभिषेक श्रीवास्तव से मिला और पूरे मामले से अवगत कराते हुए ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से चेतावनी दी गई कि भीम सेना के पदाधिकारी वीकेश द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अभद्र टिप्पणी किए जाने से हिंदुओं की भावनाएं आहत हुई हैं। मामले में ऋषभ कुमार सिंह द्वारा अभियोग दर्ज कराया गया।
बावजूद इसके नारखी पुलिस ने मात्र खानापूर्ति करते हुए शांति भंग में चालान कर उसे छोड़ दिया। इससे हिंदू धर्म के श्रीकृष्ण भगवान के अनुयायियों में काफी रोष है और यह सरकार की छवि खराब करने का कृत्य है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि दो दिन के अंदर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल नहीं भेजा गया तो हिंदू युवा वाहिनी थाना नारखी का घेराव करेगी। ज्ञापन देने वालों में प्रिंस जादौन, शीलू सिकरवार, रोहित चौधरी, रवि चौहान, निशांत गुप्ता, विशाल सिसौदिया, राहुल धनगर, देवेंद्र सिंह आदि हैं।