आगरा के थाना शाहगंज के केदार नगर में घर के अंदर धर्मांतरण कराने के आरोपी राजकुमार लालवानी को पुलिस ने जेल से रिमांड पर लिया है। पुलिस उसे दिल्ली लेकर गई थी। यहां पर गिरोह के सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। इसके अलावा महाराष्ट्र और पंजाब भी टीम भेजी जाएगी।
गिरोह को फंडिंग इन्हीं राज्यों से की जा रही थी। वहीं आरोपी से पूछताछ के लिए प्रश्नावली तैयारी की गई है। शाहगंज स्थित केदार नगर में पुलिस ने धर्मांतरण का मामला पकड़ा था। आरोपी राजकुमार लालवानी लोगों को बीमारी और गरीब दूर करने के बहाने अपने पास बुलाता था। उन्हें हिंदू से ईसाई बनने के लिए कहता था। लोगों के तैयार होने पर धर्मांतरण करा देता था।
ग्राहक बनकर पुलिस पहुंची और इसके बाद कार्रवाई की गई थी। राजकुमार लालवानी सहित अन्य को 2 सितंबर को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। पुलिस अब धर्मांतरण गिरोह के नेटवर्क का पता लगाने में लगी है। इस पर मुख्य आरोपी राजकुमार लालवानी को 10 दिन की रिमांड पर लिया गया है। पुलिस की पूछताछ में उसके तार पंजाब और महाराष्ट्र से जुड़े होने की बात सामने आई थी।
डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि आरोपी जेल से रिमांड पर लिया गया है। आरोपी को फंडिंग काैन लोग कर रहे थे, इसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। उसे टीम दिल्ली, पंजाब, महाराष्ट्र लेकर जाएगी। किसी अन्य का नाम सामने आने के बाद केस में शामिल किया जाएगा। आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।