एनएच-2 पर तीन फ्लाई ओवरों के निर्माण कार्य की सुस्त चाल ही नहीं अतिक्रमणों का जाल भी समस्या बना हुआ है। हाइवे पर खंदारी से वाटर वर्क्स तक का रास्ता तय करना किसी जंग जीतने से कम नहीं है। तकरीबन चार किलोमीटर का फासला तय करने में 30 से 40 मिनट लग रहे हैं।
खंदारी, सुल्तानगंज की पुलिया और वाटर वर्क्स चौराहों पर दो साल से फ्लाई ओवर निर्माण कार्य चल रहा है। इसके कारण आधे से ज्यादा ट्रैफिक को सर्विस रोड से होकर गुजारा जाता है, लेकिन चौराहों से लेकर सर्विस रोड तक अतिक्रमण का जाल बिछा हुआ है। अस्थायी और स्थायी अतिक्रमणों को हटाने पर किसी का ध्यान नहीं है। अतिक्रमण के कारण संकरी हो चुकी सड़कें और सिकुड़ गई हैं। यही कारण है कि वाहन चालकों को एक चौराहे से दूसरे चौराहे तक पहुंचने के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ रही है।
वाटर वर्क्स पर फिर हुए अतिक्रमण
वाटर वर्क्स चौराहे पर सिटी मजिस्ट्रेट रेखा एस चौहान ने दो माह पहले अतिक्रमण हटाए थे। अब दोबारा अतिक्रमण कर लिया गया है।
चौराहों पर भरते हैं सवारियां
खंदारी, भगवान टाकीज ओवरब्रिज और वाटर वर्क्स चौराहे पर डग्गेमार गाड़ियां दिनभर सवारियां भरती हैं। इसके कारण जाम लगता है।