आगरा के एत्माद्दौला थाना क्षेत्र से दो महीने पहले एक किशोरी को बहलाकर ले जाने के मामले में नया मोड़ आया है। पुलिस ने मुकदमा तो दर्ज कर लिया था, लेकिन किशोरी की बरामदगी न होने पर उसकी मां ने हाईकोर्ट में न्याय की गुहार लगाई थी। हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद किशोरी बरामद तो हो गई। आरोप है कि अब आरोपी युवक ने दोबारा से किशोरी और उसके परिजन को परेशान करना शुरू कर दिया। पीड़ित परिवार ने डीसीपी सिटी कार्यालय में शिकायत कर थाने में सुनवाई न होने का आरोप लगाया है।
एत्माद्दौला क्षेत्र से अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पुष्पेंद्र नामक युवक 9 फरवरी को किशोरी को बहलाकर अपने साथ ले गया था। पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा तो दर्ज किया, लेकिन किशोरी को बरामद नहीं कर पाई थी। इसके बाद किशोरी की मां ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। हाईकोर्ट ने 5 मई तक किशोरी को बरामद करने के आदेश दिए थे, जिसके बाद 14 अप्रैल को किशोरी खुद थाने पहुंच गई थी।
अब पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी ने किशोरी के नाम से इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बना ली है और उसकी फोटो वायरल कर दी हैं। आरोपी ने 7 मई को किशोरी को घर से उठा ले जाने की धमकी भी दी। जब पीड़ित परिवार ने आरोपी के भाई से इसकी शिकायत की, तो उसने भी मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। परेशान पीड़ित परिवार ने अब डीसीपी सिटी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है और न्याय की गुहार लगाई है। डीसीपी सिटी कार्यालय ने मामले को साइबर सेल को भेज दिया है।