ताजनगरी में वर्ष 2019 के आखिरी जुमे की नमाज कड़े पहरे में होगी। पिछले जुमे को फिरोजाबाद सहित कई जिलों में हुए उपद्रव को देखते हुए आगरा शहर में भी हाईअलर्ट जारी किया गया है। पुरानी शहर को पुलिस छावनी बना दिया गया है।
सेक्टर स्कीम लागू कर दी गई है। शहर को पांच जोन और 105 सेक्टर में बांटा गया है। वहीं शहर के संवेदनशील इलाकों से जानकारी जुटाने के लिए पुलिसवालों को वेष बदलकर भी तैनात किया गया है।
एसएसपी बबलू कुमार ने थाना प्रभारी निरीक्षकों के साथ बैठक करके जनसंपर्क कर कानून व्यवस्था की स्थिति को नियंत्रित रखने के निर्देश पर दिए हैं। जुमे की नमाज को लेकर अलग से निर्देश दिए गए हैं।
एसएसपी ने बताया कि शहर में 108 संवेदनशील स्थान हैं। इनमें अतिरिक्त फोर्स लगाई गई है। इन स्थानों पर खुफिया विभाग के कर्मचारी और अधिकारी भी अलग से नजर बनाए रखेंगे। सिविल यूनिफार्म में भी पुलिस तैनात रहेगी। घरों की छतों पर पुलिस रहेगी।
यहां विशेष सुरक्षा
मंटोला : सदर भट्ठी, ढोलीखार, मदीना तिराहा, मीरा हुसैनी, चिम्मन चौराहा।
लोहामंडी : लोहामंडी मुख्य बाजार, तेलीपाड़ा, सैय्यदपाड़ा।
जगदीशपुरा : बोदला चौराहा के पास।
शाहगंज : सराय ख्वाजा, कमला खां, आजमपाड़ा।
एत्माद्दौला : अब्बास नगर।
हरीपर्वत : वजीरपुरा, खंदारी।
न्यू आगरा : करबला, नई आबादी।
शहर आपका है...शांति बनाए रखें
शहर के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों ने शांति समिति की बैठक की। इसमें लोगों को नागरिकता कानून के बारे में बताया गया। शांति बनाए रखने की अपील की। अफसरों ने कहा कि शहर आपका है, शांति बनाए रखें। लोगों ने भी कानून व्यवस्था बनाए रखने में पूरे सहयोग का आश्वासन दिया।
कबाड़ी बनकर भी घूम रहे पुलिसवाले
संवेदनशील इलाकों से जानकारी जुटाने के लिए पुलिसवालों को वेष बदलकर भी तैनात किया गया है। तीन दिन पहले फिरोजाबाद के एक बलवाई की तलाश में मंटोला में दरोगा संजीव तोमर केले का ठेला लेकर पहुंच गए थे। लोग समझ रहे थे कि वो केले वाला है जबकि दरोगा खुफिया जानकारी जुटा लाया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिसवालों को कबाड़ी बनाकर भी संवेदनशील मोहल्लों में भेजा गया है। वे घर के अंदर तक की जानकारी ले आते हैं। पुलिस अफसरों ने बताया कि इस तरह के और भी प्रयोग किए गए हैं।