आगरा के कमला नगर क्षेत्र की प्रमुख सड़क मुगल रोड का नाम बदल कर महाराजा अग्रसेन मार्ग रख दिया गया है। इसी तरह नालबंद चौराहा का नाम अब महाराजा दक्ष चौराहा होगा।
नगर निगम की कार्यकारिणी के दसवें अधिवेशन की बृहस्पतिवार को हुई बैठक में नाम बदलने के इन प्रस्तावों को मंजूर कर लिया गया। शहर में तीन स्थानों के नाम बदलने के प्रस्ताव पार्षदों ने रखे थे, जिन्हें आम सहमति से पास कर दिया गया।
मेयर नवीन जैन की अध्यक्षता में नगर निगम कार्यकारिणी कक्ष में हुई बैठक में पार्षद राधिका अग्रवाल ने मुगल रोड के नाम को बदल कर महाराजा अग्रसेन के नाम पर रखे जाने का प्रस्ताव रखा।
मेयर ने यह कहा
बैठक में मेयर, नगर आयुक्त व अन्य लोग
- फोटो : अमर उजाला
उन्होंने कहा कि गुलामी के प्रतीक नामों की जगह वैश्य बहुल कमला नगर क्षेत्र में महाराजा अग्रसेन के नाम पर सड़क का नाम होना चाहिए। अग्रसेन वाटिका में उनकी प्रतिमा भी है।
उन्होंने ताजगंज तांगा स्टैंड का नाम ऑटो स्टैंड करने का भी प्रस्ताव रखा। निगम कार्यकारिणी सदस्यों ने उनके दोनों प्रस्ताव पर सहमति जताई और इसे सर्वसम्मति से पास कर दिया गया।
नालबंद चौराहे का नाम महाराज दक्ष चौराहा
पार्षद राजेश प्रजापति ने नाल बंद चौराहे के नाम को महाराजा दक्ष के नाम से किए जाने का प्रस्ताव रखा। इस प्रस्ताव पर भी सभी लोगों ने सहमति जताई। महापौर नवीन जैन ने एमजी रोड का यह क्षेत्र पीडब्ल्यूडी के अधीन आने पर इस प्रस्ताव को पीडब्ल्यूडी को भेजने की बात कही।
कार्यकारिणी के छह सदस्यों को दी गई विदाई
नगर निगम कार्यकारिणी के दो साल पूरे होने पर छह पार्षदों का कार्यकाल पूरा हो गया। इन्हें विदाई दी गई। मेयर नवीन जैन और नगर आयुक्त अरुण प्रकाश ने छह पार्षदों शरद चौहान, आशीष पाराशर, हेमेंद्र पाल सिंह, बृजमोहन, सुनील राठौर, भगवान सिंह उर्फ पंकज माहौर को माला पहनाकर कार्यकारिणी से विदाई दी।
नई कार्यकारिणी के गठन में सेवानिवृत्त होने वाले सदस्यों के स्थान पर नए सदस्यों का चुनाव किया जाएगा, जिसके निर्वाचन की प्रक्रिया शुक्रवार को सदन में होनी है।