कासगंज। आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में प्रदेश के सभी विकास खंडों में सोमवार से से विशेष स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जाएगा। 23 अप्रैल तक चलने वाले इन मेलों में स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न गतिविधियां होंगी। मेला में दंत, त्वचा, नेत्र, मलेरिया जांच, पोषण परामर्श, एड्स नियंत्रण, कुष्ठ नियंत्रण, टीबी नियंत्रण की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही जागरूकता के लिए स्टॉल भी लगाए जाएंगे। सोमवार से इसकी शुरूआत सहावर में होगी।
सीएमओ अनिल कुमार कुमार ने बताया कि मेले के दौरान स्वास्थ्य और परिवार कल्याण की ओर से चलाई जा रही योजनाओं व कार्यक्रमों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी। मेले में सामान्य चिकित्सा, मातृ स्वास्थ्य, बाल स्वास्थ्य, टीकाकरण, परिवार नियोजन परामर्श, मोतियाबिंद की जांच, आंख,कान, नाक एवं गले, दंत चिकित्सा जांच, त्वचा की जांच, पोषण के लिए परामर्श, एड्स नियंत्रण के लिए परामर्श, कुष्ठ नियंत्रण, टीबी नियंत्रण, मलेरिया और आंखों की जांच सुविधा उपलब्ध रहेगी। धूम्रपान और तंबाकू के सेवन से बुरे प्रभाव की जांच, कैंसर नियंत्रण जागरूकता समेत अन्य विभागों के इलाज संबंधी सेवाएं भी मिल सकेंगी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मेला का आयोजन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। मेले में स्वास्थ्य विभाग, पंजीकरण, कोविड टीकाकरण, नियमित टीकाकरण, परिवार कल्याण, आयुष्मान कार्ड, टीबी, बलगम जांच, नेत्र रोग, स्त्री रोग, बाल रोग, दंत चिकित्सा, मानसिक स्वास्थ्य, किशोर स्वास्थ्य, आयुष चिकित्सा, संक्रामक रोग, कुष्ठ उन्मूलन, तंबाकू कार्यक्रम, वृद्धा पेंशन, स्वच्छ भारत मिशन, विकलांग कल्याण, डिपार्टमेंट ऑफ फूड सेफ्टी, सूचना एवं प्रचार विभाग, युवा एवं कार्यक्रम खेल विभाग स्टाल लगेंगे। 18 अप्रैल को सहावर, 19 अप्रैल को गंजडुंडवारा, 20 अप्रैल को कासगंज, 21 अप्रैल को पटियाली, 22 अप्रैल को अमांपुर, 23 अप्रैल को सोरों में मेला आयोजित होंगे।