मैनपुरी। कोरोना काल में स्कूल, कॉलेज बंद हैं। बच्चे घर पर ही ऑनलाइन पढ़ाई कर रहे हैं। दिन में कई-कई घंटे बच्चों के मोबाइल फोन और कंप्यूटर पर गुजर रहे हैं। मोबाइल और कंप्यूटर का ज्यादा इस्तेमाल आंखों को बीमार कर रहा है। ऐसे में पढ़ाई के साथ-साथ आंखों की देखभाल की जरूरत है। नेत्र रोग विशेषज्ञों की मानें तो आंखों में दर्द, जलन, सिर में भारी पन की शिकायतें बच्चे फोन करके कर रहे हैं। ऐसे में वह दवा के साथ-साथ सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।
इन बातों का ख्याल रहें
- मोबाइल और कंप्यूटर की ब्राइटनेस
- कमरे की लाइट जलाएं, अंधेरा न करें
- मोबाइल की आंखों से दूरी कम से कम दो फुट रखें
- फोन पर लेटकर पढ़ाई न करें और गर्दन सीधी रखें
- पढ़ाई करते समय बीच-बीच में आंखों को आराम दें
आंखों का व्यायाम करें
नेत्र रोग विशेषज्ञों की बच्चों को सलाह है कि मोबाइल फोन पर कई घंटे लगातार पढ़ाई न करें। हर आधा घंटे पर आंखों को कम से कम पांच मिनट का आराम दें। जलन होने पर ठंडे पानी से आंखों को अच्छी तरह से धोएं। बीच-बीच में आंखों को चारों ओर घुमाकर व्यायाम करें और आंखों को बंद करके हल्के हाथ से मसाज करें।
बोले डॉक्टर
ऑनलाइन पढ़ाई करते समय आंखों की देखभाल जरूर करें। जलन होने पर आंखों को ठंडे पानी से धोएं और बीच-बीच में व्यायाम करें। मोबाइल और कंप्यूटर पर पढ़ाई लगातार न करें।
-डॉ. जयनरायण कुशवाह, वरिष्ठ नेत्ररोग विशेषज्ञ भजनानंद नेत्र चिकित्सालय
पढ़ाई के साथ-साथ बच्चे आंखों का ख्याल रखें। मोबाइल की ब्राइटनेस कम रखें और कमरे की लाइट जलाकर रखें। फोन को आंखों से दो फुट की दूरी पर रखें। लेटकर पढ़ाई बिल्कुल भी न करें।
-डॉ. जेएस वर्मा, वरिष्ठ नेत्ररोग विशेषज्ञ भजनानंद नेत्र चिकित्सालय