कोरोना संक्रमण के खौफ के चलते बढ़ाई गई सतर्कता के बीच अब स्वास्थ्यकर्मियों को होली पर्व पर अवकाश नहीं मिलेगा। जो कर्मचारी अवकाश पर चले गए हैं उनकी छुट्टियां भी रद्द कर दी गई हैं। स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है।
संक्रमण का खतरा बढ़ता ही जा रहा है। जिला प्रशासन जहां एक ओर चिंतित है वहीं स्वास्थ्य विभाग भी पूरी तरह संजीदगी बरत रहा है। सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। चिकित्सक और चिकित्साकर्मियों को बेहद संजीदगी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। इस बीच होली पर्व की छुट्टियां भी रद्द करने का निर्णय लिया गया है।
चिकित्सकों ओर चिकित्साकर्मियों को पर्व पर अवकाश नहीं मिल सकेगा। सभी को चिकित्सा केंद्रों पर अलर्ट रहना होगा। जो चिकित्सक और चिकित्साकर्मी पहले अवकाश स्वीकृत करा चुके हैं उनके अवकाश भी रद्द किए गए हैं। सीएमओ डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि कोरोना संक्रमण को लेकर सतर्कता बढ़ाई गई है। चिकित्सक और चिकित्साकर्मियों को अवकाश नहीं दिए जाएंगे। बिना अनुमति के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे। किसी ने भी लापरवाही की तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।